#विविध
August 16, 2026
हिमाचल: उफनती खड्ड में बह गया व्यक्ति, तेज बहाव में बेबस दिखे लोग; बस वीडियो ही बनाते रहे
मौके पर पहुंची पुलिस और विधायक, शुरू की लापता व्यक्ति की तलाश
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में रविवार को भारी बारिश के बाद उस समय दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया, जब शाहपुर के पुहाड़ा क्षेत्र में खोली खड्ड के तेज बहाव में एक व्यक्ति बहता हुआ दिखाई दिया। पानी का बहाव इतना खतरनाक था कि मौके पर मौजूद लोग चाहकर भी पानी में उतरकर उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। देखते ही देखते व्यक्ति तेज धारा के साथ बहता चला गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उफनती खड्ड में एक व्यक्ति बहता हुआ नजर आ रहा है।
रविवार दोपहर कांगड़ा के कई इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद खड्डों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसी दौरान पुहाड़ा क्षेत्र की खोली खड्ड में लोगों की नजर तेज बहाव के बीच बहते एक व्यक्ति पर पड़ी। व्यक्ति को पानी में बहता देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन खड्ड का बहाव इतना तेज था कि कोई भी व्यक्ति पानी में उतरकर उसे बचाने का जोखिम नहीं उठा सका।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू का ऐलान: 17 अगस्त को मिलेगी स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी, बंद रहेंगे सभी स्कूल-कॉलेज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खड्ड में पानी की रफ्तार बेहद तेज थी। ऐसे में व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश करना खुद की जान जोखिम में डालने जैसा था। कुछ लोग किनारे से इस पूरे घटनाक्रम को देखते रहे और घटना का वीडियो भी बनाया गया। वीडियो में पानी की तेज धारा के बीच व्यक्ति के बहने का भयावह दृश्य दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि पुहाड़ा के बाद नीचे झीरबल्ला क्षेत्र में भी लोगों ने पानी के तेज बहाव के बीच व्यक्ति को बहते हुए देखा। यहां खड्ड का बहाव और भी ज्यादा तेज बताया गया। पानी की रफ्तार को देखते हुए स्थानीय लोग मौके पर मौजूद होने के बावजूद व्यक्ति को निकालने में असमर्थ रहे।
यह भी पढ़ें : पेट्रोल पंप के पास स्कूटी-कार की टक्कर, एक ने तोड़ा दम- सदमे में परिवार
घटना की जानकारी मिलते ही उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थिति की जानकारी ली। विधायक के अनुसार खड्ड में पानी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण तत्काल यह पता नहीं चल पाया कि पानी में बहता दिखाई दिया व्यक्ति कौन है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक केवल सिंह पठानिया ने जिला पुलिस प्रशासन और जिलाधीश से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन से खोज एवं बचाव अभियान में तेजी लाने और उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल करने को कहा। प्रशासन की प्राथमिकता व्यक्ति की तलाश करना और उसकी पहचान सुनिश्चित करना है।
कांगड़ा में भारी बारिश के बाद खड्डों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने से खतरा काफी बढ़ गया है। प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, खड्ड और नालों के आसपास जाने से पूरी तरह बचें। शांत नजर आने वाला पानी भी अचानक विकराल रूप ले सकता है और तेज बहाव में किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिलता।
मानसून के दौरान हिमाचल की खड्डों और नदियों में अचानक पानी बढ़ना कोई नई बात नहीं है, लेकिन कई बार लोग खतरे को नजरअंदाज कर इनके करीब पहुंच जाते हैं। शाहपुर की यह घटना एक बार फिर चेतावनी दे रही है कि भारी बारिश के दौरान उफनती खड्ड से दूरी बनाए रखना ही सबसे सुरक्षित रास्ता है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यक्ति की तलाश को लेकर कार्रवाई जारी है और उसकी पहचान संबंधी जानकारी सामने आना बाकी है।