#विविध
April 29, 2025
पहलगाम केस का हिमाचल कनेक्शन : J&K के DGP ने खरीदी करोड़ों की प्रॉपर्टी, जांच शुरू
आतंकी हमले के बाद गृह मंत्रालय की टूटी नींद
शेयर करें:
शिमला। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में लश्करे तैयबा के आतंकियों के हमले में 27 टूरिस्ट के मारे जाने के बाद केंद्र सरकार ने सुरक्षा इंतजामों में बड़ी चूक को माना है। सवाल उठ रहे हैं। लेकिन इन सवालों का एक सिरा पुलिस तक भी जुड़ता है और इनकी आंच हिमाचल प्रदेश तक भी आ पहुंची है।
खबर है कि पहलगाम हमले से 6 महीने पहले जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात ने मनाली में 10 करोड़ की प्रॉपर्टी खरीदी थी। महीने के 2.24 लाख रुपए की सैलरी लेने वाले पुलिस के एक अफसर ने केवल मनाली में ही नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के सेक्टर 5 में भी 26 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी अपने, पत्नी और बेटे के नाम पर कैसे खरीदी, इस सवाल पर अब केंद्रीय गृह मंत्रालय भी सकते में आ गया है। मामले की अंदरुनी जांच शुरू हो गई है।
1992 बैच के आंध्रप्रदेश कैडर के आईपीएस नलिन प्रभात जम्मू-कश्मीर में डेप्यूटेशन पर भेजे जाने से पहले सीआरपीएफ में थे। मनाली की प्रॉपर्टी उन्होंने दिसंबर 2024 में खरीदी थी। हालांकि, इस प्रॉपर्टी के बारे में उन्होंने गृह मंत्रालय को सूचित कर दिया था। इसमें उन्होंने बताया है कि कुल्लू जिले के मनाली तहसील में उन्होंने 8 बीघा कृषि भूमि फाटी बरुआ कोठी में खरीदी है।
नलिन प्रभात ने 9.6 करोड़ में यह असिंचित प्रॉपर्टी खरीदी, जिसके लिए 76 लाख रुपए की स्टाम्प ड्यूटी और 19 लाख रुपए की रजिस्ट्रेशन फीस चुकाई। इस तरह यह प्रॉपर्टी अब 10 करोड़ रुपए से अधिक की हो गई है।
सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, 16 दिसंबर 2024 को प्रॉपर्टी की खरीद से एक महीने पहले ही गृह मंत्रालय को इसकी सूचना दी गई थी। मनाली की इस प्रॉपर्टी को नलिन प्रभात ने अपनी पत्नी पूनम और बेटे अहान के नाम पर खरीदा है। बेचने वाला कांगड़ा का सूर्यवीर सिंह राठौड़ है।
नलिन प्रभात ने 2023 में चंडीगढ़ के सेक्टर 5 में 26.23 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी भी खरीदी थी। हालांकि, इसकी जानकारी में उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने जीरकपुर में अपनी पैतृक कृषि भूमि को बेचकर यह संपत्ति खरीदी है।
चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर 5 में यह किसी भी IPS अफसर की यह इतिहास में सबसे बड़ी खरीद बताई जा रही है। उस समय नलिन प्रभात सीआरपीएफ में डीजी थे। नलिन ने इस बंगले की सजावट पर करीब 2 करोड़ रुपए खर्च किए थे।