#विविध

August 1, 2026

हिमाचल सहित देश भर में पहुंचेगा चाइना माल, आज से शुरू हुआ व्यापार; शिपकी लॉ से तिब्बत गए 16 व्यापारी

हिमाचल के रास्ते फिर शुरू हुआ भारत-चीन सीमा व्यापार

शेयर करें:

kinnaur News

किन्नौर। लंबे इंतजार के बाद हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से भारत-चीन सीमा व्यापार एक बार फिर शुरू हो गया है। कोविड-19 महामारी और अन्य कारणों से वर्षों से बंद पड़ा यह पारंपरिक व्यापार शनिवार को दोबारा बहाल कर दिया गया। इसके साथ ही शिपकी ला सीमा पर एक बार फिर व्यापारिक गतिविधियां शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि इस फैसले से स्थानीय कारोबार को नई गति मिलेगी और हिमाचल सहित देश के विभिन्न हिस्सों तक चीन (तिब्बत) से आने वाले सामान की आवाजाही भी फिर से शुरू होगी।

शिपकी ला से रवाना हुआ व्यापारियों का पहला दल

हिमाचल प्रदेश के राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर के शिपकी ला बॉर्डर से भारत-चीन सीमा व्यापार का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 16 स्थानीय व्यापारियों के पहले जत्थे को चीन अधिकृत तिब्बत के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सभी व्यापारियों का खतक पहनाकर स्वागत किया गया और शुभकामनाओं के साथ उन्हें सीमा पार भेजा गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सड़क से सीधे सतलुज में जा गिरी कार, पुलिस कर रही सवारों की तलाश

स्थानीय उत्पाद लेकर तिब्बत पहुंचे व्यापारी

पहले जत्थे में शामिल सभी 16 व्यापारी किन्नौर जिले के नमज्ञा, डूबलिंग और लियो गांवों के निवासी हैं। ये व्यापारी अपने साथ गुड़, चावल, चायपत्ती, चीनी, कालीन (कारपेट), स्थानीय अनाज और बिस्कुट सहित कई भारतीय उत्पाद लेकर तिब्बत के लिए रवाना हुए। आने वाले दिनों में स्थानीय व्यापारियों की मांग के अनुसार अन्य आवश्यक वस्तुओं का भी आदान-प्रदान किया जाएगा।

 

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा सहारा

मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि पहले किन्नौर के व्यापारी तिब्बत के दूर-दराज के गांवों तक जाकर व्यापार करते थे। अब शिपकी (तिब्बत) में ट्रेड सेंटर विकसित होने से दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों के व्यापारियों को सामान के आदान-प्रदान में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सीमा व्यापार दोबारा शुरू होने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर पैदा होंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: होटल बुलाए पति-पत्नी को दे दिया नशा, बेसुध महिला से की नीचता; VIDEO बना किया वायरल

केंद्र और चीन सरकार का जताया आभार

जगत सिंह नेगी ने सीमा व्यापार को फिर से शुरू करने के लिए केंद्र सरकार और चीन सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्षों बाद व्यापारिक गतिविधियां बहाल होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय व्यापारियों को भी बड़ा लाभ होगा।

ट्रेडमार्ट का भी हुआ उद्घाटन

सीमा व्यापार के शुभारंभ के साथ मंत्री ने छुप्पन में लगभग 2.58 करोड़ रुपये की लागत से बने नए ट्रेडमार्ट का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। समारोह में जिला प्रशासन, पुलिस और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सियासी भूचाल: विजिलेंस रडार पर एक और पूर्व MLA, इसने भी कांग्रेस छोड़ थामा था BJP का दामन

सीमावर्ती क्षेत्रों में लौटी उम्मीद की नई किरण

सीमा व्यापार दोबारा शुरू होने से किन्नौर के सीमावर्ती गांवों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि वर्षों बाद व्यापार बहाल होने से कारोबार को मजबूती मिलेगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। शिपकी ला पर फिर से शुरू हुई यह आवाजाही हिमाचल के सीमावर्ती इलाकों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख