#विविध
February 18, 2026
हिमाचल में मौसम ने बदला मिजाज, आज बारिश-बर्फबारी की उम्मीद; कई जिलों में अलर्ट जारी
आज ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना
शेयर करें:

शिमला। फरवरी के बीचों-बीच हिमाचल प्रदेश का मौसम दो अलग रंग दिखा रहा है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धूप और बढ़ते तापमान ने सर्दियों की धार को कमजोर कर दिया है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान बताते हैं कि यह बदलाव अल्पकालिक है और अगले कुछ दिनों में प्रदेशभर में मौसम साफ रहने वाला है।
ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज हिमाचल के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। विशेष रूप से चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फ के हल्के फाहे गिरने के आसार हैं। हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम साफ बना रहेगा। विभाग का कहना है कि बुधवार से पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह खुल जाएगा और 23 फरवरी तक लगातार धूप खिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: फॉरेस्ट गार्ड ने पांच हजार में बेच दिया इमान, विजिलेंस ने रिश्वत लेते धरा
अधिकतम तापमान में तेज उछाल
प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। कल्पा में सबसे ज्यादा 8.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य के वादे भी निकले झूठे... 3 माह से टैंट में रह रहे 16 परिवार, आ*गजनी ने छीने थे आशियाने
राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक होकर 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। भुंतर में तापमान 5.8 डिग्री बढ़कर 23.8 डिग्री, ऊना में 5.4 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 28.7 डिग्री और सुंदरनगर में 5.0 डिग्री बढ़कर 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रात का पारा भी सामान्य से ऊपर
न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी का रुख बना हुआ है। कल्पा का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक होकर 1.4 डिग्री दर्ज किया गया। कांगड़ा में यह 4.1 डिग्री बढ़कर 9.8 डिग्री तक पहुंच गया। शिमला में भी रात का तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक होकर 6.5 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे ठंड का असर कम होता नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरकारी बस में सवारी बन बैठा था चिट्टा तस्कर, पुलिस को लगी भनक- हुआ अरेस्ट
सर्दियों में 28 प्रतिशत कम वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार इस विंटर सीजन में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। एक जनवरी से 17 फरवरी के बीच प्रदेश में जहां 142.1 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, वहीं इस दौरान केवल 101.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। यह सामान्य से करीब 28 प्रतिशत कम है। कम वर्षा और बढ़ते तापमान के कारण सर्दियों का असर कमजोर पड़ता दिख रहा है।