#विविध
May 19, 2025
हिमाचल में तेज बारिश ने मचाया कहर- तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी, जानें मौसम अपडेट
कांगड़ा में सुबह 5 बजे तूफान, कई इलाकों में बिजली गुल
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में 19 मई का दिन खराब मौसम के साथ शुरू हुआ। सुबह पांच बजे कांगड़ा में तेज बारिश और तूफान ने दस्तक दी। कई इलाकों में पेड़ गिरने और बिजली गुल होने की खबरें हैं। लोग जब नींद से उठे तो बाहर हवाओं की रफ्तार और गरजते बादलों ने डर का माहौल बना दिया।
पांच जिलों में ऑरेंज, सात में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और ऊना में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल में आज 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। पहले ही ओलावृष्टि के कारण फसलों को बड़ा नुकसान हो चुका है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और खुले में ना निकलने की अपील की है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दो महिला TGT की डिग्री निकली फर्जी, शिक्षा विभाग ने किया बर्खास्त
कल भी हल्की बारिश
आज के बाद भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और तूफान की संभावना है। हालांकि, परसों से पूरे प्रदेश में मौसम के साफ होने का पूर्वानुमान है। इसी के साथ किसान-बागवानों को बारिश से राहत जरूर मिलेगी। वहीं फसलों को भी फायदा होगा।
भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
तेज धूप और गर्म हवाओं से जूझ रहे प्रदेशवासियों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले एक हफ्ते से तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही थी, जिससे रविवार सीजन का सबसे गर्म दिन बन गया।
13 शहरों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर
प्रदेश के 13 शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। ऊना का पारा 41 डिग्री पर पहुंच गया है। भुंतर (कुल्लू) में तापमान 36.3 डिग्री, कांगड़ा में 37.8 डिग्री और धर्मशाला में 35 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
पहाड़ों में मौसम सुहावना
जहां एक ओर मैदानी इलाकों में लू का असर बना हुआ है, वहीं पहाड़ी पर्यटन स्थलों का मौसम सुहावना बना हुआ है। शिमला का अधिकतम तापमान 27 डिग्री, मनाली का 28, डलहौजी 25.7, कुफरी 21.4 और नारकंडा 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रही है।
प्रशासन ने की एडवाइजरी जारी
मौसम के इस मिजाज को देखते हुए जरूरी है कि लोग सतर्क रहें। खेतों में काम करने से बचें, खुले में न निकलें और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें। आने वाले दो दिनों तक मौसम की करवट जीवन पर असर डाल सकती है।