#विविध
September 1, 2026
हिमाचल के इंजीनियर की 7 दिन बाद मिली खबर, सुरंग में सुरक्षित- फिर जगीं परिवार की उम्मीदें
सुरंग में फंसे नेपाली व्यक्ति ने दी जानकारी
शेयर करें:

ऊना। नेपाल में आई भारी बाढ़ और तबाही के बीच ऊना जिले के मैहतपुर-बसदेहड़ा के रहने वाले 32 वर्षीय इंजीनियर सुखविंदर रतन पिछले सात दिनों से लापता हैं। अभी तक उनका कोई पुख्ता पता नहीं चल पाया है। हालांकि, परिवार को अब एक ऐसी जानकारी मिली है, जिससे उनकी उम्मीदें बढ़ गई हैं। बताया जा रहा है कि सुखविंदर सुरक्षित हैं और एक सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं।
सुखविंदर की तलाश के लिए नेपाल पहुंचे उनके चचेरे भाई शुभम ने बताया कि सुरंग के अंदर फंसे एक नेपाली व्यक्ति ने सुखविंदर के वहां सुरक्षित होने की बात कही है। शुभम के मुताबिक, उन्होंने इस बारे में नेपाली सेना से भी बात की है। सेना की ओर से बताया गया है कि सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चल रहा है।
यह भी पढ़ें : मा**रकर झाड़ियों में फेंका था आदमी, चेहरे का किया था बुरा हाल- महिला ने कबूला सच
परिवार को सुखविंदर के सुरक्षित होने की सूचना मिलने से राहत मिली है, लेकिन रेस्क्यू अभियान की रफ्तार को लेकर चिंता बनी हुई है। परिजनों का कहना है कि जिस तेजी से बचाव अभियान चलना चाहिए, उस तरह से काम नहीं हो रहा है। परिवार चाहता है कि जल्द से जल्द सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकाला जाए।
सुखविंदर के चचेरे भाई शुभम ने भारत सरकार से अपील की है कि भारतीय रेस्क्यू टीमें भी नेपाल भेजी जाएं। उनका कहना है कि अगर भारत की बचाव टीमें वहां पहुंचती हैं तो सुरंग में फंसे लोगों को जल्द बाहर निकालने में मदद मिल सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : काम के बदले मांगे एक लाख, रिश्वत लेते महिला पटवारी को विजिलेंस ने पकड़ा
सुखविंदर के पिता ने बताया कि उनका बेटा नेपाल के त्रिशुली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट-वन में इंजीनियर के तौर पर काम करता है। 25 अगस्त को उनकी बेटे से फोन पर आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद से परिवार का सुखविंदर से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। सात दिन से बेटे की कोई पक्की जानकारी नहीं मिलने के कारण परिवार काफी परेशान है।
सुखविंदर की तलाश के लिए उनके चचेरे भाई शुभम और परिवार के अन्य सदस्य नेपाल में मौजूद हैं। वे लगातार वहां के अधिकारियों और रेस्क्यू टीम से जानकारी ले रहे हैं। वहीं, कंपनी के अधिकारी भी काठमांडू पहुंच चुके हैं और सुखविंदर की तलाश में जुटे हुए हैं।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! 7 जिलों में आज होगी भारी बारिश, यलो अलर्ट पर कई इलाके
परिजनों के मुताबिक, सुखविंदर रतन के साथ करीब 10 से 12 अन्य भारतीय नागरिकों के भी सुरंग में फंसे होने की जानकारी मिली है। अब परिवार की पूरी उम्मीद रेस्क्यू अभियान पर टिकी हुई है और सभी लोग सुखविंदर समेत सुरंग में फंसे लोगों के सुरक्षित बाहर आने का इंतजार कर रहे हैं।