#अपराध
September 1, 2026
हिमाचल: मा*रकर झाड़ियों में फेंका था आदमी, चेहरे का किया था बुरा हाल- महिला ने कबूला सच
बचाव में उठाया पत्थर, सिर पर किया वार
शेयर करें:

चंबा। उपमंडल चुराह के जुकयानी इलाके के चर्चित नेगी राम हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पिछले कई दिनों से इस मामले को लेकर बना सस्पेंस अब खत्म हो गया है। पुलिस रिमांड के दौरान गिरफ्तार महिला आरोपी तिमरो देवी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। महिला ने पुलिस को बताया कि नेगी राम की हत्या उसी ने की थी।
पुलिस पूछताछ में तिमरो देवी ने बताया कि घटना वाली रात नेगी राम उसे घर तक छोड़ने के लिए सड़क से नीचे उसके साथ आया था। महिला के मुताबिक, रात का समय था और आसपास कोई नहीं था। इसी दौरान नेगी राम ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला ने इसका विरोध किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो दोनों के बीच विवाद हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : काम के बदले मांगे एक लाख, रिश्वत लेते महिला पटवारी को विजिलेंस ने पकड़ा
महिला ने पुलिस को बताया कि गुस्से और खुद को बचाने के लिए उसने पास पड़ा एक नुकीला पत्थर उठा लिया और नेगी राम के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद उसने कई बार पत्थर से हमला किया। गंभीर चोट लगने के कारण नेगी राम की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हत्याकांड की जांच में एक मोबाइल फोन ने पुलिस को अहम सुराग दिया। नेगी राम के शव के पास एक मोबाइल फोन बिना सिम कार्ड के मिला था। पुलिस की तकनीकी और साइबर टीम ने जब इस फोन की जांच शुरू की तो पता चला कि फोन चोरी का था।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! 7 जिलों में आज होगी भारी बारिश, यलो अलर्ट पर कई इलाके
जांच में सामने आया कि यह चोरी का मोबाइल तिमरो देवी के पास था और वह इसका इस्तेमाल गाने सुनने के लिए करती थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस महिला तक पहुंची। पूछताछ और जांच के बाद महिला ने हत्या की बात कबूल कर ली, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला तिमरो देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह कई बार रात के समय भी अकेले घूमती थी। हालांकि, पुलिस घटना के समय उसकी मानसिक स्थिति क्या थी, इसकी तकनीकी और चिकित्सीय जांच भी कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: डॉक्टरों की मनमानी पर सरकार का डंडा- मनचाही पोस्टिंग बंद, शहर से बाहर देनी होगी ज्वाइनिंग
नेगी राम हत्याकांड का खुलासा होने के बाद पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या में आरोपी महिला के अलावा कोई और व्यक्ति प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल था या नहीं।
SP विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने कहा कि मामले में आगामी जांच जारी है।