#विविध
January 6, 2026
हिमाचल में हुआ ताजा हिमपात: शीतलहर की चपेट में पूरा प्रदेश, 7 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
सात जिलों में येलो अलर्ट भी जारी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस समय सर्दी अपनी चरम सीमा पर है। तेज शीतलहर और घना कोहरा पूरे राज्य में लोगों के रोजमर्रा के काम-काज को प्रभावित कर रहे हैं। लगातार गिरते तापमान के कारण न केवल पहाड़ों में बल्कि मैदानी इलाकों में भी ठिठुरन बढ़ गई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने मौसम विभाग ने कई जिलों में घने कोहरे का का येलो अलर्ट जारी किया है।
बता दें कि, आज मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में सुबह और शाम का मौसम काफी ठंडा रहा। कई जगह इतनी ठंड पड़ी कि पानी की पाइपें जाम हो गईं। इसी दौरान चंबा और लाहुल-स्पीति की ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी भी हुई। सुबह ताबो, कुकमसेरी, कल्पा, नारकंडा और सोलन में तापमान माइनस में रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल HC के आदेश : पुलिस नशा तस्करों को हिंदी में बताए, आपको क्यों किया जा रहा अरेस्ट
ऊंचे पहाड़ों पर गिरते बर्फ के फाहे देख स्थानीय किसान-बागवानों के साथ-साथ वहां पहुंचे पर्यटकों के चेहरों पर भी खुशी साफ दिखाई दी। लंबे समय से शुष्क मौसम झेल रहे इलाके में बर्फबारी को सेब, मटर और अन्य नकदी फसलों के लिए भी फायदेमंद माना जा रहा है।ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई हल्की बर्फबारी
मौसम विभाग ने बताया है कि आज मंगलवार को ऊंचाई वाली पहाड़ियों में कुछ जगहों पर बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के सात जिलों में घना कोहरा रहने की संभावना है, इसलिए वहां येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के कर्मचारियों ने मोदी सरकार से मांगे अपने 12 हजार करोड़ रुपए, सीएम सुक्खू से भी की ये मांग
मौसम विभाग ने सोमवार को जारी बुलेटिन में बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी हुई। प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में तापमान माइनस 10 से शून्य डिग्री सेल्सियस, मध्य पहाड़ी इलाकों में माइनस 1 से 6 डिग्री, और निचले पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में 5 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
बीते कल सोमवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में माइनस 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। अन्य स्थानों पर कल्पा में -4.2, सोलन में -0.6, कुकमसेरी में -6.7 और नारकंडा में -1.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 6 जनवरी को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ जगह हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 11 जनवरी तक पूरे प्रदेश में
मौसम साफ रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें :खत्म हुए पुराने गिले-शिकवे... जयराम को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे मंत्री जगत नेगी
साथ ही, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर के कुछ हिस्सों में 9 जनवरी तक घने कोहरे के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को राजधानी शिमला और अन्य क्षेत्रों में धूप खिली रही।