#विविध
March 4, 2025
हिमाचल: बोर्ड परीक्षा में नकल की तो तीन साल नहीं दे सकेंगे पेपर, सख्त हुआ HPBOSE
आज से शुरू हुई बोर्ड परीक्षाएं, सात सुरक्षा घेरों का बनाया है चक्रव्यूह
शेयर करें:

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में आज चार मार्च से बोर्ड की परीक्षाएं आरंभ हो गई हैं। बोर्ड परीक्षाओं में इस बार नकल करने वालों पर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सख्त कार्रवाई करने की ठान ली है। इस बार हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में अगर कोई परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़ा गया तो वह अगले तीन साल तक परीक्षा नहीं दे सकेगा।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने नकल के मामले रोकने के लिए इस बार सख्त नियम बना दिए हैं। इससे पहले जिस पेपर में परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़ा जाता था तो उसे उसी पेपर में यूएमसी केस बनाकर संबंधित विषय में फेल कर दिया जाता था। लेकिन अब शिक्षा बोर्ड ने नकल करने वालों को तीन साल तक पेपर ना दे पाने का नियम बना दिया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: कल से सात सुरक्षा घेरों के चक्रव्यूह में परीक्षा देंगे 2 लाख बच्चे
बता दें कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आज मंगलवार 4 मार्च से परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। शिक्षा बोर्ड ने 10वीं.12वीं की परीक्षाओं में इस बार नकल रोकने के लिए सात सुरक्षा घेरों का चक्रव्यूह तैयार किया गया है। हिमाचल प्रदेश के करीब 2 लाख बच्चे इन परीक्षाओं में भाग ले रहे हैं। 4 मार्च को सुबह के सत्र में 10वीं कक्षा की हिंदी और जमा दो कक्षा की अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा हुई। हालांकि आज कहीं से भी नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: 10वीं-12वीं वोकेशल विषयों के प्रैक्टिकल अब अप्रैल में, जानें नई तारीखें
बता दें कि बोर्ड प्रबंधन ने 2300 के करीब परीक्षा केंद्र बनाए हैं। हर परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। इसके अलावा अधीक्षक और उपाधीक्षक भी नकल करने वाले परीक्षार्थियों पर नजर रखेंगे। उड़नदस्तों का गठन किया गया है, जबकि एसडीएम, उपनिदेशक और बोर्ड मुख्यालय से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नकल करने वाले परीक्षार्थियों की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सड़क किनारे खड़ी कार में बैठे थे युवक और युवती, पुलिस ने क्यों किए गिरफ्तार; जानें
जानकारी देते हुए स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि इस बोर्ड बोर्ड प्रबंधन ने नकल के मामले रोकने को विशेष तैयारियां की हैं। अगर परीक्षा के दौरान कोई विद्यार्थी मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ नकल करते पकड़ा जाता है तो उसे तीन साल के लिए परीक्षा देने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले नकल करने वाले परीक्षार्थी का यूएमसी केस बनाकर संबंधित विषय में ही फेल किया जाता था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।