#विविध

May 18, 2026

हिमाचल: 11.50 लाख लोन एकमुश्त चुकाकर भी हार गया कांग्रेस का ये दिग्गज नेता, बहू ने बचाई लाज

सुजानपुर नगर परिषद में ससुर को मिली हार, बहू ने दर्ज की जीत, निर्दलिय के हाथ में आई चाबी

शेयर करें:

Suzanpur Municipal Council Election 2026

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव के बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं। रविवार देर शाम तक घोषित हुए इन चुनाव परिणामों ने कई सियासी दिग्गजों को अर्श से फर्श पर ला दिया, तो वहीं कई नए चेहरों की किस्मत चमका दी। इस बार के चुनाव परिणाम इसलिए भी काफी रोचक रहे क्योंकि कई जगह पर एक ही परिवार के सदस्य एक साथ चुनावी समर में ताल ठोक रहे थे। 

 

ऐसा ही एक बेहद चर्चित मुकाबला हमीरपुर जिले की नगर परिषद सुजानपुर में देखने को मिला, जहां ससुर और बहू दोनों ही अपनी किस्मत आजमाने मैदान में उतरे थे। हालांकि, जनता जनार्दन ने इस मुकाबले में ससुर को नकार दिया, जबकि पहली बार उतरी बहू के सिर पर जीत का सेहरा बांध दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल चुनाव में दिखे दिलचस्प नतीजे : कहीं पति हारे- पत्नी जीती; तो कहीं ससुर-बहू ने मारी बाजी

साढ़े 11 लाख का कर्ज भी नहीं आया काम

सुजानपुर नगर परिषद का वार्ड नंबर दो इस बार पूरे प्रदेश में सबसे हॉट सीट बना हुआ था। यहां से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नगर परिषद के दो बार अध्यक्ष रह चुके मनोज ठाकुर मैदान में थे। मनोज ठाकुर के लिए यह साख की लड़ाई थी, जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नामांकन के दौरान उनके ऊपर कुछ वित्तीय देनदारियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : चरस की बड़ी डील करने निकले दो यार, किसी ने दे दी पुलिस को खबर- पहुंचे जेल

इस संकट से पार पाने और अपनी उम्मीदवारी बचाने के लिए उन्होंने ऐन वक्त पर साढ़े 11 लाख रुपये (11.50 लाख) का बैंक लोन एकमुश्त (वन टाइम सेटलमेंट) चुकाया था। भारी-भरकम कर्ज उतारकर मैदान में उतरे मनोज ठाकुर को उम्मीद थी कि जनता उनकी इस प्रतिबद्धता को सराहेगी] लेकिन रविवार शाम को जब ईवीएम खुली तो उन्हें करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।

ससुर ने बदली थी सीट, बहू ने बचाई लाज

मनोज ठाकुर पिछले करीब 15 वर्षों से वार्ड नंबर तीन से लगातार अजेय रहे थे और वहीं से पार्षद चुनकर आते थे। इस बार नगर परिषद में अध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित हो गया] जिसके चलते उन्होंने एक सोची-समझी रणनीति के तहत अपनी पारंपरिक सीट (वार्ड-3) से अपनी बहू ज्योतिका ठाकुर को पहली बार चुनावी मैदान में उतार दिया और खुद पड़ोसी वार्ड नंबर दो से किस्मत आजमाने चले गए। लेकिन मतदाताओं को ससुर का यह वार्ड बदलना रास नहीं आया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : चुनावी जीत के जश्न में मची भगदड़, बेकाबू सांड ने भीड़ पर किया हम.ला- 7 घायल

वार्ड नंबर दो में निर्दलीय प्रत्याशी मनीष कुमार गुप्ता ने मनोज ठाकुर को 177 मतों के बड़े अंतर से पटखनी दे दी। हालांकि, वार्ड नंबर तीन से उनकी बहू ज्योतिका ठाकुर ने 149 वोटों के अंतर से शानदार जीत दर्ज कर ससुर की राजनीतिक विरासत को संभाल लिया और परिवार में हार के गम को कुछ हद तक कम कर दिया। पहली ही बार में बड़ी जीत हासिल कर ज्योतिका ने राजनीतिक हलकों में अपनी एक अलग पहचान बना ली है।

सुजानपुर में कांग्रेस को दो, भाजपा को मिली तीन सीटें

नगर परिषद सुजानपुर के निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम विकास शुक्ला ने सभी वार्डों के आधिकारिक परिणाम जारी कर दिए हैं। 

  • वार्ड नंबर एक से बलविंदर सिंह ने 296 मत हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रमेश चंद को महज 125 वोटों से संतोष करना पड़ा।
  • वार्ड नंबर दो में निर्दलीय मनीष कुमार गुप्ता 335 वोट पाकर विजयी रहे, जबकि कांग्रेस के मनोज कुमार को 158 और श्रवण कुमार को 76 वोट मिले, यहां भी दो वोट नोटा में गिरे।
  • वार्ड नंबर तीन से विजयी रहीं ज्योतिका ठाकुर को 241 वोट मिले] जबकि उनके सामने खड़े तिलक राज को 96, कुसुम शर्मा को 82 और मनोज को 55 वोट मिले।
  • वार्ड नंबर चार में विनय कुमार ने 235 वोट लेकर बाजी मारी] जबकि संजय कुमार को 136, कमलेश कुमारी को 96, जोगिंद्रा देवी को 51, अमन को 34 वोट मिले।
  • वार्ड नंबर पांच में शिवानी ठाकुर ने बेहद कड़े मुकाबले में 230 वोट लेकर जीत दर्ज की, उन्होंने प्रिया (224 वोट) को महज 6 वोटों से हराया, 
  • वार्ड नंबर छह में प्रोमिला देवी 158 वोट लेकर कामयाब रहीं, जिन्होंने अनीता (130 वोट) को पराजित किया।
  • वार्ड नंबर सात में कांग्रेस की नीलम धीमान ने 222 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया और मधु को 190 वोटों पर रोक दिया।
  • वार्ड नंबर आठ में वीना देवी ने एकतरफा मुकाबले में 386 वोट लेकर बड़ी जीत दर्ज की, जबकि ज्योति शर्मा को 137 और सीमा को केवल 20 वोट मिले। 
  • वार्ड नंबर नौ से भाजपा समर्थित मीनाक्षी ने 251 वोट लेकर अपनी प्रतिद्वंद्वी सरिता (191 वोट) को पटखनी दी।

यह भी पढ़ें- सड़क निर्माण में देरी पर सुक्खू सरकार का एक्शन : अब एक ठेकेदार को नहीं मिलेंगे 2 से ज्यादा काम

निर्दलीयों के हाथ में आई सत्ता की चाबी

सुजानपुर नगर परिषद के इन नतीजों ने स्थानीय कद्दावर राजनीतिक दलों के समीकरण पूरी तरह बिगाड़ दिए हैं। नौ सीटों वाली इस नगर परिषद में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस समर्थित केवल दो उम्मीदवार ही इस चुनाव में जीत का स्वाद चख पाए हैं] वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन सीटों पर कब्जा जमाया है। इस चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर निर्दलीय और आजाद उम्मीदवारों ने किया है, जिन्होंने चार सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। ऐसे में अब सुजानपुर नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी पर कौन बैठेगा] इसका फैसला पूरी तरह से इन आजाद पार्षदों के रुख पर निर्भर करेगा। साफ है कि अब सत्ता की असली चाबी इन निर्दलीय विजेताओं के हाथों में आ गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख