#अपराध
May 18, 2026
हिमाचल : चरस की बड़ी डील करने निकले दो यार, किसी ने दे दी पुलिस को खबर- पहुंचे जेल
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की बड़ी कार्रवाई
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नम्होल क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो गाड़ी से 4 किलो चरस बरामद की है।
मामले में पुलिस टीम ने कुल्लू जिले के दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बोलेरो गाड़ी कुल्लू से शिमला की ओर जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी नम्होल की टीम ब्रह्मपुखर क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध बोलेरो गाड़ी में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने नम्होल क्षेत्र में नाकाबंदी कर बोलेरो गाड़ी नंबर HP92A-2192 को जांच के लिए रोका। पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 4 किलो चरस बरामद हुई।
बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी कुल्लू जिले के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान-
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बरमाणा में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई प्रदेश के किस क्षेत्र में की जानी थी। साथ ही आरोपियों के नेटवर्क और संभावित अन्य साथियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिला पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।