#विविध
September 6, 2025
हिमाचल में मानसून ने मचाई डबल तबाही- अभी और बरसेंगे बादल, जानें मौसम अपडेट
अगले 48 घंटे बारिश का अलर्ट नहीं
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश इस बार के मानसून में भारी तबाही झेल रहा है। बाढ़, बादल फटने और लैंडस्लाइड ने अब तक 110 लोगों की जान ले ली है, जिनमें से 64 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 46 अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक, लापता लोगों के जिंदा बचने की संभावना लगभग खत्म हो चुकी है।
प्रदेश में मानसून के दौरान अब तक लैंडस्लाइड की 133, बाढ़ की 95 और बादल फटने की 45 घटनाएं दर्ज की गईं। इन हादसों ने जान के साथ-साथ हजारों घरों को भी तबाह कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक 1078 मकान पूरी तरह ढह गए, जबकि 4584 को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
प्राकृतिक आपदा से अब तक 3979 करोड़ रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति का नुकसान हुआ है। चार नेशनल हाईवे समेत 1087 सड़कें बंद हैं। वहीं 2838 बिजली ट्रांसफार्मर और 509 पेयजल योजनाएं ठप पड़ी हैं। इन हालातों ने प्रदेश की सामान्य जिंदगी को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।
यह भी पढ़ें : युवक के लिए NHAI-प्रशासन ने झोंकी ताकत, 40 मशीनों से खोला NH; 3 घंटे में कुल्लू से AIIMS पहुंचाया
कुल्लू के अखाड़ा बाजार में बुधवार सुबह हुए लैंडस्लाइड में दबे एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है। लेकिन एनडीआरएफ की टीम अब भी मलबे में दबे जवान की तलाश में जुटी हुई है। गुरुवार सुबह के हादसे में दबे तीन लोग अभी भी मलबे में दबे बताए जा रहे हैं।
इस सीजन में कई जिलों में सामान्य से कहीं ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। कुल्लू में 117% और शिमला में 113% अधिक बारिश हुई। इसी तरह सोलन में 78%, बिलासपुर 77%, मंडी 70%, ऊना 73%, सिरमौर 47%, हमीरपुर 51%, किन्नौर 41%, चंबा 35% और कांगड़ा में 16% ज्यादा बारिश दर्ज की गई। यही भारी बारिश पहाड़ों पर तबाही का कारण बनी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पति के बाद अब 24 साल के बेटे ने छोड़ी दुनिया, मां का था इकलौता सहारा
मौसम विभाग के मुताबिक, आज और कल मानसून कमजोर रहेगा और अगले 48 घंटे तक बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। दो दिन बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस फिर से एक्टिव होगा, लेकिन इसका असर सीमित हिस्सों में ही देखने को मिलेगा। अगले सप्ताह सामान्य से कम बारिश की संभावना है।