#विविध
September 2, 2026
हिमाचल : बच्चों का नाम क*टवाने स्कूल पहुंचे माता-पिता, 3 छात्रों ने छोड़ा स्कूल, मिड-डे मील स्टाफ पर गिरी गाज
बच्चों का स्कूल से नाम कटवाने पहुंचे माता-पिता
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बाड़ी सरकारी प्राथमिक स्कूल में 18 अगस्त को मिड-डे मील में खीर खाने के बाद 38 बच्चों की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इसके बाद सभी बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अब ज्यादातर बच्चे ठीक होकर घर लौट चुके हैं, लेकिन इस घटना के बाद अभिभावकों में डर बना हुआ है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित कई अभिभावक स्कूल से अपने बच्चों का नाम कटवाने और स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट लेने पहुंच गए।
मनाली विधानसभा क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाड़ी में मंगलवार को कई अभिभावक अपने बच्चों का स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट लेने पहुंचे। इनमें से तीन अभिभावकों ने अपने बच्चों का स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र भी ले लिया। हालांकि, स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक और स्कूल के स्टाफ के तबादले के बाद बाकी अभिभावक बच्चों को दोबारा स्कूल भेजने के लिए तैयार हो गए हैं। अब बुधवार से बच्चों की पढ़ाई फिर से शुरू होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : PHD रिजल्ट आने के बाद परेशान था छात्र, फोन करने पर नहीं उठाया- अगले दिन मिली देह
बच्चों के बीमार होने की घटना के बाद लिए गए खाने के सैंपल की रिपोर्ट अभी तक सामने नहीं आई है। रिपोर्ट में देरी होने से अभिभावकों में नाराजगी है। चौथी कक्षा में पढ़ने वाली नव्या का अभी भी नेरचौक मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। अभिभावकों ने फैसला लिया है कि जब तक फूड सैंपल की रिपोर्ट नहीं आती, तब तक बच्चों के लिए दोपहर का खाना वे घर से ही बनाकर भेजेंगे।
18 अगस्त को बाड़ी स्कूल में दोपहर के खाने में खीर बनाई गई थी। खीर खाने के बाद एक साथ 38 बच्चों की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद घबराए अभिभावक बच्चों को पतलीकूहल स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया। घटना के बाद अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया था। इस दौरान शिक्षक और अन्य कर्मचारी स्कूल आते रहे और अपना काम करके वापस चले जाते थे।
यह भी पढ़ें : आधा किलो चरस के साथ हरियाणवी अरेस्ट, 2 युवकों से चिट्टा और नकदी बरामद
बच्चों के बीमार होने के बाद अभिभावकों ने स्कूल में तैनात शिक्षकों के साथ-साथ मिड-डे मील कर्मचारी को बदलने की मांग भी उठाई थी। अभिभावकों का कहना था कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल के स्टाफ में बदलाव किया जाना चाहिए। अब शिक्षा विभाग ने स्कूल में तैनात तीन शिक्षकों का तबादला कर दिया है। इसके अलावा स्कूल के लिए दो नए शिक्षकों के ज्वाइनिंग ऑर्डर भी जारी किए गए हैं।

अभिभावक अमर चंद ने कहा कि उन्हें अब पता चला है कि स्कूल में तैनात तीन शिक्षकों का तबादला कर दिया गया है। इसके बाद अभिभावक अपने बच्चों को दोबारा स्कूल भेजने के लिए तैयार हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि खाने के सैंपल की रिपोर्ट जल्द जारी की जाए, ताकि यह साफ हो सके कि बच्चों की तबीयत किस वजह से खराब हुई थी।
यह भी पढ़ें : आधी रात को घर से निकली 22 वर्षीय युवती नहीं लौटी; परिवार को सता रहा अ*पह.रण का शक
अभिभावक मंजू ने बताया कि 18 अगस्त को बच्चों की तबीयत खराब होने के बाद कई बच्चे कुछ दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे। इसी वजह से अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया था। उन्होंने कहा कि फूड सैंपल की रिपोर्ट जल्द सामने आनी चाहिए और अगर किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

अभिभावक शीला ने कहा कि कई बच्चे अभी भी पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं और उनकी तबीयत बार-बार खराब हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अभिभावकों के दबाव के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूल के तीन शिक्षकों का तबादला किया। अब अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने के लिए तैयार हैं, लेकिन स्कूल प्रबंधन को बच्चों की सेहत और खाने की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना होगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज भारी से भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में लैंडस्लाइड-बाढ़ का खतरा
अभिभावक सीता ने कहा कि खीर खाने के बाद बच्चों की तबीयत खराब हुई थी, इसलिए कई बच्चे अभी भी स्कूल जाने से डर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभिभावकों ने स्कूल का स्टाफ बदलने की मांग की थी, जिसे शिक्षा विभाग ने मान लिया है। अब बुधवार से बच्चे दोबारा स्कूल जाएंगे। हालांकि, मिड-डे मील बनाते समय साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।

बाड़ी स्कूल के मुख्य शिक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शिक्षा विभाग ने स्कूल में तैनात तीन शिक्षकों का तबादला कर दिया है। वहीं, तीन बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट ले लिया है। अब स्कूल में करीब 50 बच्चे पढ़ाई करेंगे। उन्होंने बताया कि अभिभावकों ने यह भी फैसला लिया है कि फूड सैंपल की रिपोर्ट आने तक स्कूल में मिड-डे मील नहीं बनाया जाएगा। फिलहाल अभिभावक अपने बच्चों के लिए घर से ही खाना भेजेंगे।
यह भी पढ़ें : PHD रिजल्ट आने के बाद परेशान था छात्र, फोन करने पर नहीं उठाया- अगले दिन मिली देह

जिला कुल्लू प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक ज्ञान ठाकुर ने बताया कि बाड़ी स्कूल में तैनात तीनों शिक्षकों का तबादला कर दिया गया है। अब अभिभावक भी अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए तैयार हैं। बुधवार से स्कूल में नियमित रूप से कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि बाड़ी स्कूल के लिए दो नए शिक्षकों के ज्वाइनिंग ऑर्डर भी जारी किए गए हैं। साथ ही सभी स्कूल प्रबंधकों को मिड-डे मील की गुणवत्ता और बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।