#अपराध
September 2, 2026
हिमाचल : आधा किलो चरस के साथ हरियाणवी अरेस्ट, 2 युवकों से चिट्टा और नकदी बरामद
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस की टीमें अलग-अलग जगहों पर गश्त और नाकेबंदी कर नशे की तस्करी करने वालों पर नजर रख रही हैं। इसी अभियान के तहत कुल्लू पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पहली बड़ी कार्रवाई बंजार थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम इलाके में गश्त और नाकेबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। शक होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में चरस बरामद हुई।
यह भी पढ़ें : आधी रात को घर से निकली 22 वर्षीय युवती नहीं लौटी; परिवार को सता रहा अ*पह.रण का शक
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से कुल 502 ग्राम चरस बरामद हुई है। आरोपी की पहचान हरदीप कुमार, निवासी बहादुरपुर, डाकघर सफीदों, जिला जींद, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद चरस को अपने कब्जे में ले लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नशे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई भुंतर थाना पुलिस ने की। बीती रात पुलिस टीम ने एक अन्य मामले में नरेश कुमार, निवासी करेरी, डाकघर खरिहार, तहसील भुंतर के पास से 1 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस को उसके पास से 1000 रुपये की नकदी भी मिली है। पुलिस ने बरामद नशे को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज भारी से भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में लैंडस्लाइड-बाढ़ का खतरा
वहीं, तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने नवीन भारद्वाज, निवासी धारा, डाकघर रिवालसर, तहसील बल्ह, जिला मंडी के कब्जे से 1.21 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में भी नशे को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक नरेश कुमार और नवीन भारद्वाज के पास से चिट्टे की मात्रा कम बरामद हुई है। इसी वजह से कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों को सीआरपीसी का नोटिस देकर छोड़ दिया गया है। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि जरूरत पड़ने पर दोनों को पूछताछ के लिए पुलिस के सामने पेश होना होगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आफत की बारिश: दो घर हुए जमींदोज, 3 लोग मलबे में दबे; उफनती खड्ड में बही JCB
कुल्लू पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए लगातार गश्त, नाकेबंदी और जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।