#विविध
September 19, 2025
हिमाचल: 16 दिन बाद जिंदगी से जंग हार गया अभिनव, प्रशासन ने 3 घंटे में कुल्लू से पहुंचाया था AIIMS
16 दिन तक AIIMS में जिंदगी से जंग लड़ने के बाद हार गया अभिनव
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के अखाड़ा बाज़ार में 4 सितंबर को हुए भीषण भूस्खलन हादसे में घायल हुए 32 वर्षीय अभिनव सांख्यान ने आखिरकार अस्पताल में 16 दिन बाद दम तोड़ दिया। एम्स बिलासपुर में उपचार के दौरान गुरुवार देर रात उसकी मृत्यु हो गई। अभिनव की मौत के साथ ही अखाड़ा बाजार में प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वालों की संख्या अब 7 हो गई है।
4 सितंबर को कुल्लू मुख्यालय के समीप अखाड़ा बाज़ार इलाके में भारी बारिश के चलते अचानक हुए लैंडस्लाइड ने तबाही मचा दी थी। इस दौरान पहाड़ी से गिरे मलबे ने तीन घरों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। हादसे में कुल 10 लोग दब गए थे, जिनमें से छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं दो महिलाओं और अभिनव सांख्यान को गंभीर हालत में मलबे से रेस्क्यू किया गया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी लैंडस्लाइड- सेंट एडवर्ड स्कूल पर खतरा, दो दिन के लिए बंद
घायल अभिनव की स्थिति शुरू से ही गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों की सलाह पर उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। हालांकि, उस दिन मौसम बेहद खराब था जिससे हवाई मार्ग से रेफर करना संभव नहीं था। इसके साथ ही लैंडस्लाइड के कारण कुल्लू से मंडी तक की सड़कें भी कई जगहों पर बंद थीं।
अभिनव की जान बचाने के लिए जिला प्रशासन कुल्लू और मंडी ने युद्धस्तर पर प्रयास किया था। वहीं उनका इस कार्य में एनएचएआई ने भी पूरा साथ दिया था। दो जिलों के प्रशासन और एनएचएआई ने मिलकर कुल्लू से बिलासपुर एम्स तक एक ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया। मलबे से भरी सड़कों को एनएचएआई की मशीनों ने तेजी से साफ किया और लगातार तीन घंटे की मेहनत के बाद अभिनव की एंबुलेंस को एस्कार्ट के साथ सुरक्षित एम्स तक पहुंचाया गया। इन कठिन परिस्थितियों में भी प्रशासन ने जो तत्परता दिखाई, वह काबिले तारीफ थी, लेकिन इन सब प्रयासों के बाद बावजूद बीती रात को अभिनव की मौत हो गई।
एम्स बिलासपुर में डॉक्टरों की टीम ने लगातार प्रयास किए, लेकिन आंतरिक चोटों के चलते अभिनव की हालत में सुधार नहीं हो सका। 16 दिनों तक जीवन और मृत्यु के बीच झूलने के बाद उसने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अब मृतक का अंतिम संस्कार उसके नाना के गांव दियार में किया जाएगा। अभिनव सांख्यान का पार्थिव शरीर जब उनके परिजनों को सौंपा गया, तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक होनहार युवक जिसने जीवन के कई सपने संजोए थे, इस हादसे में समय से पहले चला गया। उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रिश्तेदार और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी लैंडस्लाइड- सेंट एडवर्ड स्कूल पर खतरा, दो दिन के लिए बंद
कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने अभिनव की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में जहां लोगों के घर उजड़े हैं, वहीं कई परिवारों ने अपनों को खो दिया है। सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देगी।