#विविध
March 1, 2025
हिमाचल में बादल फटने से तबाही: दर्जनों मकान खाली कराए, अपनों से बिछड़े कई लोग
खन्यारा में 3 टिप्पर, 2 जेसीबी बही- करोड़ों का नुकसान
शेयर करें:
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में हुई भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुल्थान के रोकारू क्षेत्र में बादल फटने से 9 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा, पालमपुर के शिवा जल विद्युत प्रोजेक्ट के पास बाढ़ की चपेट में आने से एक व्यक्ति लापता हो गया, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। लापता व्यक्ति की तलाश जारी है।
मुल्थान में बादल फटने के बाद, 12 मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। इन मकानों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। इसके अलावा, मुल्थान बाजार की दुकानों में भी पानी घुसने से व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। कांगड़ा के खन्यारा के मनूनी खड्ड में पानी के तेज बहाव के कारण 3 टिप्पर और 2 जेसीबी मशीनों को नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें : बिगड़े मौसम के बीच बुरी खबर: टूट गया ग्लेशियर, 57 मजदूर दबे
प्रशासन ने भूस्खलन वाले क्षेत्रों में राहत कार्यों के लिए जेसीबी मशीनें तैनात की हैं। ब्यास नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए, पौंग डैम प्रबंधन से संपर्क किया गया है और यदि आवश्यक हुआ तो डैम के गेट खोलने की योजना बनाई गई है।
यह भी पढ़ें : UP से इस काम के लिए हिमाचल भागीं 2 लड़कियां, पुलिस ने खोजकर घर भेजा; तीसरी लापता
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। आपात स्थिति में लोग जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के टोल-फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला मुख्यालय और सभी उपमंडलों में आपदा प्रबंधन केंद्र 24 घंटे कार्यरत हैं। डीसी हेमराज बैरवा ने सभी अधिकारियों को फील्ड में डटे रहने के निर्देश दिए हैं और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए तत्पर रहने की बात कही है।