#विविध

June 27, 2025

हिमाचल में तबाही का मंजर : अपनों को तलाश रही आंखें, 7 लापता लोगों की नहीं कोई खबर

500 सैलानी रेस्क्यू, 81 ट्रैकर सुरक्षित निकाले गए

शेयर करें:

himachal cloudburst

कांगड़ा/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में बुधवार का दिन भारी तबाही लेकर आया। पांच जगहों पर बादल फटने से बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं, जिनमें 6 लोगों की जान चली गई, जबकि 7 लोग अब भी लापता हैं। धर्मशाला के खनियारा में मनूणी खड्ड में आई बाढ़ ने निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को बहा लिया। गुरुवार को रेस्क्यू टीमों ने यहां से तीन और शव बरामद किए, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई। तीन श्रमिक अब भी लापता हैं।

 

एक रात जंगल में बिताकर बची जान


इसी घटना में चंबा का 21 वर्षीय युवक लवली बाढ़ से बचने के लिए पहाड़ी पर चढ़ गया और पूरी रात जंगल में बैठा रहा। वीरवार को रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित निकाल लिया। लापता तीन श्रमिकों की पहचान विपिन (चंबा), नितिन और परमजीत (फतेहपुर, कांगड़ा) के रूप में हुई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पहाड़ी से एक साथ फूटे कई झरने, बह गई सड़क का बड़ा हिस्सा- डर के साए में गांव वाले

 

कुल्लू: एक परिवार के तीन लोग बह गए


कुल्लू जिले के सैंज क्षेत्र में जीवानाला में बादल फटने से 72 वर्षीय नंदलाल, उनकी बेटी मूर्ति देवी (15) और बहन यान दासी (67) बाढ़ में बह गए। दूसरे दिन भी इनका कोई पता नहीं चला। तीर्थन नदी में भी एक व्यक्ति के बहने की सूचना है, हालांकि उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।

 

ब्यास में मिला अज्ञात शव


मंडी के धर्मपुर क्षेत्र में जालपा माता मंदिर के पास ब्यास नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि यह भी बारिश और बाढ़ की ही भेंट चढ़ा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बरसेंगे खूब बादल: 29-30 जून को भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में बढ़ा खतरा

 

500 सैलानी और 81 ट्रैकर सुरक्षित निकाले गए


सैंज के शैंशर और शांघड़ में फंसे 500 पर्यटकों को रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं, बकरथाच और हामटा-छतडू ट्रैक से 81 ट्रैकरों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक चिकित्सा दी गई है। ये लोग 25 जून को ट्रैकिंग पर निकले थे और नाले में बाढ़ आने से फंस गए थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 12 बार असफल हुआ, मगर नहीं टूटा हौसला- किसान के बेटे ने अफसर बन रचा इतिहास

 

प्रशासन की चेतावनी


कुल्लू और लाहौल-स्पीति में लगातार बारिश के कारण अगले दो दिन (27-28 जून) ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उपायुक्त तोरुल एस रविश ने पर्यटकों से खराब मौसम में यात्रा न करने और नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील की है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख