#विविध
August 31, 2025
हिमाचल में पांच जगह फटा बादल, मचा हाहाकार; कई घर जमींदोज, मलबे में दबे बाप-बेटा
मलबे के सैलाब से हो रही तबाही का मंजर देख सहमे लोग
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार रात और शनिवार सुबह चंबा, कुल्लू और रामपुर समेत पांच जगहों पर बादल फटने से तबाही मच गई। कई घर जमींदोज हो गए, वाहनों को नुकसान पहुंचा और सेब बगीचों की फसल बह गई।
इन सभी जगहों पर भारी बारिश और मलबे की चपेट में आने से दर्जनों मकान, गोशालाएं, बगीचे और पुलिया बह गए। आंखों के सामने तबाही का मंजर देखकर लोग सहमे हुए हैं। लोग प्रार्थना कर रहे हैं कि बारिश थम जाए।
चुराह क्षेत्र में बादल फटने से बैरागढ़, देवीकोठी और टेपा गांव का सड़क संपर्क कट गया। पांच पुलियां बह गईं। भरमौर-पठानकोट हाईवे भी रजेरा से आगे लगभग 20 किलोमीटर तक जमींदोज हो गया है।
मणिमहेश यात्रा मार्ग पर फंसे करीब 6000 श्रद्धालुओं को सरकारी और निजी बसों से उनके घरों के लिए रवाना किया गया। फिर भी भरमौर में 5000 और चौगान में 500 श्रद्धालु अभी फंसे हुए हैं।
बंजार उपमंडल के हिड़व नाला में बादल फटने से एक घर ढह गया, दो मकान और दो मंदिर क्षतिग्रस्त हो गए। एक मछली फार्म और छह घराट भी बह गए। शरची नाला में भी बादल फटने से तीर्थन नदी में बाढ़ आ गई। लोग पूरी रात खौफ में जागते रहे।
रामपुर की 12/20 घाटी में भूस्खलन से पांच घरों को भारी नुकसान हुआ। मलबे में दबने से एक पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से बाहर निकाला।
ज्यूरी के बधाल क्षेत्र में भी देर रात बादल फटा। धराली खड्ड और रेसवाल घराट में पानी-मलबा आने से एक घर, खोखे और बगीचों को बड़ा नुकसान हुआ। रात को खतरा बढ़ने पर कई परिवारों ने अपने घर खाली कर रिश्तेदारों के यहां शरण ली।
यह भी पढ़ें : राहत सामग्री लेकर चंबा पहुंचे CM सुक्खू ने किया हवाई सर्वेक्षण, अधिकारियों को दिए ये निर्देश
शनिवार शाम तक प्रदेश में 3 नेशनल हाईवे समेत 839 सड़कें बंद, 728 बिजली ट्रांसफार्मर ठप और 456 पेयजल योजनाएं बाधित थी। लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं ने हिमाचल में आपदा की स्थिति पैदा कर दी है। लोगों का कहना है कि यह बरसात अब केवल प्राकृतिक घटना नहीं रही, बल्कि उनकी जिंदगी और रोजगार के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुकी है।