#अपराध
May 26, 2026
हिमाचल पंचायत चुनाव : ताऊ के लिए भिड़े दो दोस्त, एक ने दूसरे को बालकनी से फेंका- हुई मौ.त
शराब पीते समय दो दोस्तों में हुई चुनाव में जीत को लेकर बहस
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पंचायत चुनाव को लेकर शुरू हुई बहसबाजी ने एक युवक की जान ले ली है। अर्की उपमंडल के दाड़लाघाट क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अश्वनी पुत्र राम रत्न के रूप में हुई है- जो कि डवारू गांव दाड़लाघाट का रहने वाला था। मामले में दीपक कुमार उर्फ शशि पुत्र राम दत्त शर्मा निवासी गांव कोटला पुजारिया ने पुलिस को शिकायत दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, बीती 24 मई की रात वह और अश्वनी साथ थे तथा दोनों ने शराब पी थी। अगले दिन 25 मई को दोनों जालपा माता मंदिर स्यार गए, जहां उनकी मुलाकात कुनाल पुत्र पाली निवासी स्यार से हुई।
इसके बाद तीनों युवक शराब लेकर गांव के पास जंगल की ओर चले गए और देर शाम तक वहीं बैठे रहे। बताया गया कि शराब पीने के दौरान पंचायत चुनाव को लेकर कुनाल और अश्वनी के बीच बहस शुरू हो गई।
बातचीत धीरे-धीरे तीखी नोकझोंक में बदल गई। इसी दौरान अश्वनी ने कथित तौर पर कुनाल से कहा कि उसका ताऊ जय चंद चुनाव नहीं जीत पाएगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
शिकायत में कहा गया है कि बाद में तीनों युवक स्यार स्थित शर्मा ढाबा से खाना पैक करवाकर तपन पुत्र मस्तराम के घर पहुंचे। वहां बालकनी में बैठकर फिर से शराब पीने लगे। इसी दौरान दोनों के बीच दोबारा विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख दीपक और तपन ने कुनाल को कमरे के अंदर बैठा दिया।
आरोप है कि रात करीब साढ़े नौ बजे कुनाल गुस्से में कमरे से बाहर आया और उसने अश्वनी को जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगने से अश्वनी संतुलन खो बैठा और बालकनी से नीचे जा गिरा
युवक के गिरते ही मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत नीचे पहुंचे। वहां अश्वनी बेसुध अवस्था में पड़ा था तथा उसके हाथ और बाएं कान से खून बह रहा था। घटना के बाद घायल युवक को 108 एम्बुलेंस की मदद से अर्की अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
DSP दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी कुनाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।