#विविध
January 28, 2025
हिमाचल: बारात लेकर आया दूल्हा, ना मिली दुल्हन- ना उसका गांव; खाली हाथ लौटा
बिचौलिया बनी महिला ने कर दिया खेला
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में आज मंगलवार को एक दूल्हा बने युवक के साथ बड़ा खेला हो गया। दूल्हा बनकर युवक अपनी दुल्हनियां को लेने के लिए जिस गांव में पहुंचा, वहां ना तो दूल्हे को अपनी दुल्हनियां मिली और ना ही उसका घर। इस सारे मामले में दूल्हा और बारात हंसी का पात्र बन गई और दूल्हे को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। मामला जिला ऊना के हरोली क्षेत्र से सिंगा गांव का है।
बताया जा रहा है कि आज मंगलवार को कुटलैहड़ विस क्षेत्र के नारी गांव से एक दूल्हा बारातियों के साथ हरोली क्षेत्र से सिंगा गांव में पहुंचा। सिंगा गांव के लोग इस बारात को देख कर सोच में पड़ गए। सिंगा गांव के लोगों ने जब दूल्हे और उसके साथ आए बारातियों को बताया कि उनके गांव में किसी भी लड़की शादी नहीं हैं तो कोई भी इस बात पर विश्वास नहीं कर पाया। उन्होंने दूल्हन की फोटो दिखाई तो ग्रामीणों ने साफ कहा कि यह लड़की तो हमारे गांव की नहीं है। यह सुनकर सभी के होश उड़ गए।
इस सब के बीच शादी की बिचौलिया नारी गांव की महिला मनु पत्नी राजीव भी गाड़ी से उतरी और कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि शादी इसी गांव में है। मैं लड़की के घर का पता करके आती हूं कह कर महिला मनु अपने पति के साथ गाड़ी में बैठ कर वहां से रवाना हो गई। जब महिला काफी देर तक वापस नहीं आई तो ग्रामीणों के साथ साथ बारातियों को भी शक हुआ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 23 वर्षीय विवाहिता ने छोड़ी दुनिया, 4 साल का मासूम रह गया अकेला
जब बारातियों ने महिला को फोन लगाया तो महिला ने एक अजीबो गरीब ड्रामा रच दिया। इस महिला ने बताया कि दुल्हन ने जहर निगल लिया है और उसे पंजाब के नवांशहर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महिला की बातों पर लोगांे को शक हुआ तो उन्होंने महिला को घेर कर वापस सिंगा गांव ले आए। इसके बाद बारातियों और बिचौलिया महिला के बीच काफी देर तक विवाद होता रहा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बाथरूम में बच्ची को जन्म देते स्वर्ग सिधारी विवाहिता, पीछे रह गए 4 मासूम
विवाद को गहराते देख सिंगा गांव के लोगों ने पुलिस को बुला लिया। बताया जा रहा है कि जिस महिला ने रिश्ता करवाया था वह भी दूल्हे की ही रिश्तेदार है। वह महिला भी बार.बार इसी गांव के युवक का नाम ले रही है कि रिश्ता करवाने में वह शामिल है।
बिचौलिया महिला और बारातियों के बीच शाम तक विवाद चलता रहा और आखिर कार दूल्हे को बारात के साथ बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। इस सारी घटना की क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है। वहीं डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। उसके बाद ही कुछ कहना उचित रहेगा।