#विविध

July 17, 2026

अब नहीं चलेगा घर के पास नौकरी का जुगाड़! हिमाचल हाईकोर्ट के फैसले से हजारों कर्मचारियों को झटका

सालों तक घर के आसपास तैनाती का रास्ता हुआ मुश्किल, हाईकोर्ट ने दिया बड़ा संदेश

शेयर करें:

himachal highcourt

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी खास कर शिक्षा विभाग में कार्यरत उन कर्मचारियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जो विभिन्न तबादलों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का लाभ उठाकर वर्षों तक अपने घर के नजदीक या एक ही स्थान पर सालों तक तैनात रहते थे। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की शिक्षा विभाग में कर्मचारियों के तबादले को लेकर बनाई "स्टे क्लबिंग" नीति को वैध करार देते हुए स्पष्ट संकेत दिया है कि कर्मचारियों को एक ही क्षेत्र में लंबे समय तक बनाए रखने वाली व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित नहीं किया जा सकता।


अदालत के इस फैसले के बाद न केवल शिक्षा विभाग बल्कि अन्य सरकारी विभागों में भी तबादला नीतियों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि अब कर्मचारियों के लिए केवल नजदीकी स्कूल या कार्यालय बदलकर वर्षों तक एक ही इलाके में नौकरी करना आसान नहीं रहेगा।

क्या है स्टे क्लबिंग नीति

राज्य सरकार द्वारा लागू की गई स्टे क्लबिंग नीति के तहत किसी कर्मचारी की सेवा अवधि केवल एक संस्थान में बिताए गए समय के आधार पर नहीं मापी जाएगी। यदि कर्मचारी एक निश्चित दूरी के भीतर स्थित विभिन्न कार्यालयों या स्कूलों में लगातार सेवाएं देता है तो उस पूरे कार्यकाल को एक साथ जोड़कर देखा जाएगा। सरकार का तर्क है कि कई कर्मचारी एक स्कूल या कार्यालय से दूसरे नजदीकी संस्थान में तबादला करवाकर वर्षों तक अपने गृह क्षेत्र में बने रहते हैं। इससे दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में स्टाफ की भारी कमी पैदा हो जाती है।

 

यह भी पढ़ें : देवभूमि पर मंडराया महासंकट ! कभी भी तबाही मचा सकते हैं ये दरकते पहाड़, IIT मंडी के शोध में खुलासा

हाईकोर्ट ने कहा संतुलित तैनाती जरूरी

मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने माना कि राज्य के ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि कुछ कर्मचारी लगातार सुविधाजनक स्थानों पर ही बने रहते हैं तो इसका सीधा असर उन क्षेत्रों पर पड़ता है, जहां पहले से ही स्टाफ की कमी है। अदालत ने कहा कि तबादला नीति का उद्देश्य केवल कर्मचारी की सुविधा नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक ढांचे में संतुलन बनाए रखना भी है। इसलिए सरकार द्वारा बनाई गई स्टे क्लबिंग व्यवस्था तार्किक और प्रशासनिक दृष्टि से उचित है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: गांव के 4 दोस्तों ने मिलकर लिए थे चिट्टे के इंजेक्शन, दो युवकों की मौ*त मामले में बड़ा खुलासा

10 साल तक आसपास के स्टेशनों पर सेवा

इस मामले में एक कर्मचारी ने अपने तबादले को चुनौती देते हुए दावा किया था कि वर्तमान संस्थान में उसकी सेवा अवधि बहुत कम रही है, इसलिए उसे स्थानांतरित नहीं किया जा सकता। लेकिन विभाग ने रिकॉर्ड के आधार पर बताया कि कर्मचारी पिछले कई वर्षों से एक ही क्षेत्र के आसपास स्थित विभिन्न संस्थानों में कार्यरत रहा है। अदालत ने पाया कि लंबे समय तक एक ही इलाके में तैनाती का लाभ लिया गया था। ऐसे में केवल वर्तमान पदस्थापना अवधि को आधार बनाकर तबादले से छूट नहीं दी जा सकती।

 

यह भी पढ़ें : PM मोदी हिमाचलियों को देंगे बड़ा गिफ्ट- नए रेलवे स्टेशन का आज लोकार्पण, ट्रेन भी होगी रवाना

सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा संकेत

विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला भविष्य में तबादला मामलों के लिए मिसाल बन सकता है। इससे उन कर्मचारियों पर असर पड़ सकता है जो वर्षों से अपने गृह क्षेत्र के आसपास ही सेवाएं दे रहे हैं और समय-समय पर नजदीकी कार्यालयों में स्थानांतरण करवाते रहे हैं। हालांकि फैसला सीधे तौर पर शिक्षा विभाग से जुड़ा है, लेकिन प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि इसी तरह के सिद्धांत अन्य विभागों में भी लागू हो सकते हैं, जहां लंबे समय से एक ही क्षेत्र में तैनाती को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में अगले पांच दिन तक खराब रहेगा मौसम, कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट- रहें सावधान

दूरदराज क्षेत्रों को मिल सकती है राहत

सरकार और प्रशासन का मानना है कि इस तरह की नीतियों से ग्रामीण, जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों में कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी। लंबे समय से कई स्कूल, स्वास्थ्य संस्थान और सरकारी कार्यालय स्टाफ की कमी से जूझ रहे हैं क्योंकि कर्मचारी सुविधाजनक स्थानों पर तैनाती बनाए रखने का प्रयास करते हैं। यदि स्टे क्लबिंग नीति प्रभावी ढंग से लागू होती है तो दूरस्थ क्षेत्रों में रिक्त पदों को भरने में मदद मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में भगवान भरोसे पढ़ाई...सरकारी शिक्षक अपनी सैलरी से रख रहे प्री-प्राइमरी टीचर

घर के पास नौकरी के सपनों को लगा झटका

हाईकोर्ट के फैसले को सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता और संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके बाद अब केवल नजदीकी संस्थानों में तबादला करवाकर वर्षों तक घर के आसपास नौकरी करने की रणनीति पर रोक लग सकती है। 

 

स्पष्ट संदेश यह है कि सरकारी सेवा में तैनाती केवल व्यक्तिगत सुविधा का विषय नहीं, बल्कि सार्वजनिक हित और प्रशासनिक जरूरतों से भी जुड़ी है। ऐसे में वर्षों तक जुगाड़ के सहारे अपने पसंदीदा क्षेत्र में बने रहने की उम्मीद रखने वाले कर्मचारियों के लिए यह फैसला बड़ा झटका साबित हो सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख