#विविध
May 31, 2026
धर्मशाला नगर निगम में BJP की सुनामी : 17 में से 11 सीटें जीत रचा इतिहास, कांग्रेस का कुनबा 5 पर सिमटा
BJP का मेयर और डिप्टी मेयर बनना यहां लगभत तय माना जा रहा है।
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के निकाय चुनावों में जनता का फैसला सामने आना शुरू हो गया है। धर्मशाला नगर निगम से BJP के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। शुरुआती परिणामों में भाजपा ने मजबूत बढ़त बनाते हुए कई वार्डों में जीत दर्ज की है। इसी बीच भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने इस जीत को विकास, सुशासन और PM नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता की मुहर बताया है।
अब तक घोषित 17 सीटों में से भाजपा 11 सीटों पर विजय प्राप्त कर चुकी है, जो जनता के पार्टी के प्रति मजबूत विश्वास का प्रमाण है। 5 कांग्रेस और एक सीट निर्दलीय ने जीती है। BJP का मेयर और डिप्टी मेयर बनना यहां लगभत तय माना जा रहा है।
धर्मशाला नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बाद भाजपा नेता एवं नगर निगम चुनाव के प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने इसे जनता का विकास और सुशासन के पक्ष में दिया गया जनादेश बताया है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की जनता ने PM नरेंद्र मोदी की नीतियों, केंद्र सरकार के विकास कार्यों और भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं पर अपनी मुहर लगा दी है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला के मतदाताओं ने जाति, क्षेत्र और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर विकास, पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दी है। भाजपा ने हमेशा जनहित को केंद्र में रखकर काम किया है और इसी का परिणाम चुनावी नतीजों में दिखाई दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पार्टी की उपलब्धियों और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया। जनता ने भी इन प्रयासों पर भरोसा जताते हुए भाजपा को समर्थन दिया।
सुधीर शर्मा ने कहा कि यह जीत केवल स्थानीय चुनाव की जीत नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और गरीब कल्याण योजनाओं पर जनता के विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देशभर में आधारभूत ढांचे, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव धर्मशाला सहित हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिला है। भाजपा नेता ने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी धर्मशाला की जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए भाजपा पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। सुधीर शर्मा ने कहा कि चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि धर्मशाला की जनता विकास के एजेंडे और मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ी है।