#विविध
February 16, 2025
अमेरिका ने डिपोर्ट किया भारतीयों का दूसरा जत्था, इनमें एक हिमाचली भी शामिल
आज रात को आएगा 157 लोगों का तीसरा जत्था
शेयर करें:

चंडीगढ़/शिमला। हिमाचल के पड़ोसी राज्य पंजाब के अमृतसर में बीती रात को अमेरिका का एक सैन्य विमान लैंड हुआ। जिसमें अवैध रूप से अमेरिका गए भारतीयों का दूसरा जत्था भारत डिपोर्ट किया गया। 10 दिनों के भीतर ये दूसरी बार है जब अमेरिका से भारतीयों को लेकर विमान भारत आया है। इस विमान में एक शख्स हिमाचल का भी शामिल है। हालांकि अभी तक यह खुलासा नहीं हुआ है कि शख्स हिमाचल के किस जिला का है।
रात को अमृतसर हवाई अड्डे पर पहुंचे इस अमेरिकी विमान में 120 अवैध भारतीय प्रवासियों को डिपोर्ट किया गया। अधिकारियों के अनुसार 120 लोगों में से 67 लोग पंजाब, 33 लोग हरियाणा, 8 लोग गुजरात, 3 लोग उत्तर प्रदेश, 2 लोग गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान से हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से एक.एक व्यक्ति हैं। इस जत्थे में 4 महिलाएं और 2 नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें से एक 6 साल की बच्ची भी है।
बता दें कि यह सभी लोग अवैध तरीके से जिसे डंकी रूट भी कहते हैं से अमेरिका गए थे। अवैध तरीके से अमेरिका में रह रहे लोगों को अब अमेरिकी सरकार डिपोर्ट कर रही है। इसमें कई भारतीय भी शामिल हैं। इससे पहले पांच फरवरी 2025 को अमेरिकी विमान अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर अमृतसर पहुंचा था। इस विमान में 104 भारतीय नागरिक थे।
सूत्रों की मानें तो आज 16 फरवरी रविवार की रात को अमेरिकी एयरफोर्स का तीसरा विमान भारत आ सकता है, जिसमें 157 भारतीय नागरिक होंगे। इस जत्थे में भी अवैध प्रवासी शामिल होंगे। जिन्हें अमेरीका से भारत डिपोर्ट किय जाएगा।
बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। उसके बाद उन्होंने अवैध अप्रवासियों की एंट्री बैन करने का ऐलान किया था। इसी तरह वो अब अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे लोगों को डिपोर्ट कर रहे हैं। ट्रंप का मानना है कि दूसरे देशों के लोग अमेरिका में अवैध तरीके से घुसकर अपराध करते हैं। नौकरियों के बड़े हिस्से पर अप्रवासियों का कब्जा है। इससे अमेरिकी लोगों को नौकरी नहीं मिलती।