#रोजगार
May 14, 2026
हिमाचल में सरकारी नौकरी: चुनाव खत्म होते ही शुरू होगी 1500 पुलिस कांस्टेबल-होमगार्ड जवानों की भर्ती
आयोग ने नहीं दी भर्ती की मंजूरी, अब चुनाव खत्म होने का इंतजार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। हिमाचल प्रदेश में 1500 पुलिस कांस्टेबलों और होमगार्ड जवानों की भर्ती शुरू होने वाली है। यह भर्ती हिमाचल में चल रहे पंचायत और शहरी निकाय चुनावों की प्रक्रिया पूरी होते ही शुरू कर दी जाएगी।
सुक्खू सरकार ने पुलिस कांस्टेबल और होमगार्ड जवानों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी लगभग पूरी कर ली थी, लेकिन चुनावी आचार संहिता लागू होने के कारण राज्य चुनाव आयोग ने फिलहाल इसे मंजूरी देने से इनकार कर दिया। अब पंचायत चुनाव समाप्त होते ही पुलिस कांस्टेबल और होमगार्ड जवानों के 1500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है।
बता दें कि हिमाचल की सुक्खू सरकार ने 700 पुलिस कांस्टेबलों और 800 होमगार्ड के जवानों की भर्ती की फाइल चुनाव आयोग को भेजी थी और भर्ती शुरू करने की अनुमति मांगी थी। लेकिन राज्य चुनाव आयोग ने प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के चुनावों के चलते 31 मई तक लगी आदर्श आचार संहिता का हवाला देते हुए सुक्खू सरकार की इस फाइल को लौटा दिया है। आयोग का साफ कहना है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान सरकार कोई ऐसा बड़ा फैसला या घोषणा नहीं कर सकती, जिससे चुनावी माहौल प्रभावित होने की आशंका हो। इसी आधार पर पुलिस और होमगार्ड भर्ती को भी फिलहाल रोक दिया गया है।
भर्ती प्रक्रिया टलने के बाद अब प्रदेश के हजारों युवाओं की नजर पंचायत चुनावों पर टिक गई है। लंबे समय से पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब चुनाव खत्म होने का इंतजार है। कई युवा महीनों से शारीरिक परीक्षा और लिखित टेस्ट की तैयारी में जुटे हुए हैं। भर्ती पर रोक लगने से उन्हें थोड़ी निराशा जरूर हुई है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि जून महीने से प्रक्रिया फिर रफ्तार पकड़ लेगी।
बताया जा रहा है कि सरकार स्तर पर इन भर्तियों को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है और संबंधित विभाग प्रारंभिक तैयारियां भी पूरी कर चुके थे। पुलिस विभाग में 700 कांस्टेबलों की भर्ती के अलावा 800 होमगार्ड जवानों की भर्ती भी प्रस्तावित है। विभागीय स्तर पर भर्ती नियमों और प्रक्रिया को अंतिम रूप देने का काम लगभग पूरा बताया जा रहा है।
प्रदेश में पंचायत चुनावों की प्रक्रिया समाप्त होने और आचार संहिता हटने के बाद भर्ती को लेकर नई अधिसूचना जारी हो सकती है। इसके बाद आवेदन प्रक्रियाए शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा की तारीखों का ऐलान किया जाएगा। माना जा रहा है कि सरकार युवाओं को जल्द राहत देने के लिए चुनाव खत्म होते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करने में तेजी दिखा सकती है।
राज्य चुनाव आयोग का मानना है कि चुनाव के दौरान नई सरकारी भर्तियां शुरू होने से मतदाताओं और चुनावी माहौल पर असर पड़ सकता है। इसी कारण आयोग ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि केवल अत्यंत जरूरी मामलों को ही चुनाव अवधि में मंजूरी के लिए भेजा जाए। पुलिस और होमगार्ड भर्ती को आयोग ने सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया मानते हुए चुनाव बाद शुरू करने का फैसला लिया है।