#रोजगार
September 21, 2025
हिमाचल: इस विभाग में होगी बंपर भर्ती, 2600 से अधिक को मिलेगी नौकरी; ये होंगे नियम शर्तें
सुक्खू सरकार ने फील्ड स्टाफ की कमी को देखते हुए लिया फैसला
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं के लिए राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य में बिजली सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए 2602 पदों पर नई भर्तियों को मंजूरी दे दी है। इन पदों में 1602 बिजली उपभोक्ता मित्र और 1000 टी.मेट शामिल हैं। यह फैसला हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) में फील्ड स्टाफ की भारी कमी को देखते हुए लिया गया है।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार यह पहली बार है जब किसी सरकारी स्वामित्व वाली संस्था में इतने बड़े पैमाने पर युवाओं को नौकरी देने का निर्णय लिया गया है। दशकों बाद यह भर्ती प्रक्रिया हिमाचल के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर लेकर आई है, जो लंबे समय से सरकारी रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे थे।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार पंचायत चौकीदारों से वापस मांग रही 25 रुपए, रिकवरी पर भड़का संघ
एचपीएसईबीएल में इस समय टी-मेट के कुल 4,009 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 3,049 पद खाली पड़े हैं। इस वजह से न केवल विद्युत सेवाएं बाधित हो रही थीं, बल्कि आपातकालीन स्थिति में भी समय पर बिजली बहाल करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। अब सरकार इन पदों को भरकर न केवल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाएगी, बल्कि युवाओं को रोजगार भी प्रदान करेगी।
बिजली उपभोक्ता मित्र पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को 10वीं पास होना अनिवार्य होगा। साथ ही उन्हें किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से इलेक्ट्रिकल या वायरमैन ट्रेड में आईटीआई प्रमाण पत्र प्राप्त होना चाहिए। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया अधिकृत सरकारी एजेंसी द्वारा की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर पहुंची शहीद की पार्थिव देह, तिरंगे में लिपटे बलदेव को देख बेसुध हुई मां और पत्नी
सरकार का कहना है कि इस पहल से न केवल विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि प्रदेश के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देकर रोजगार के अवसर भी सृजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को नौकरी और स्वरोज़गार के नए अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। अब तक उनके कार्यकाल में 23,191 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
बिजली उपभोक्ता मित्र और टी-मेट जैसे फील्ड कर्मचारी एचपीएसईबीएल की रीढ़ माने जाते हैं। ये कर्मचारी न केवल रोजमर्रा की बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखते हैं, बल्कि बारिश, बर्फबारी और तूफान जैसी आपदाओं के दौरान भी बिजली बहाल करने और क्षतिग्रस्त ढांचे की मरम्मत में अहम भूमिका निभाते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर में घुसकर व्यक्ति पर चलाया दरा*ट, पुलिस ने चार सगे भाई किए अरेस्ट
यह फैसला न सिर्फ युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर देगाए बल्कि प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को भी लाभ पहुंचाएगा। बेहतर फील्ड स्टाफ के जरिए बिजली सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और आपूर्ति में आने वाली बाधाएं भी कम होंगी। प्रदेश सरकार का यह कदम हिमाचल के बेरोजगार युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है। आने वाले समय में भी सुक्खू सरकार द्वारा रोजगार और स्वरोज़गार के नए अवसर शुरू किए जाने की संभावना है, जिससे प्रदेश में युवा शक्ति को सशक्त बनाया जा सके।