#हिमाचल
January 17, 2026
आज बिगड़ेगा हिमाचल का मौसम, बारिश व बर्फबारी के पूरे-पूरे आसार; कोल्ड वेव का अलर्ट जारी
17 से 22 जनवरी तक बदलेगा मौसम
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती ठंड को लेकर मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए कोल्ड वेव यानी शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में आई गिरावट के चलते हिमाचल के कई इलाकों में शीत लहर जैसी स्थिति बनी हुई है। राज्य के कई स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, हमीरपुर जिले के बर्थिंग क्षेत्र में सबसे ज्यादा ठंड का असर देखा गया है। इसके अलावा बिलासपुर, ऊना और मंडी जिलों में भी कोल्ड वेव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक, प्रदेश में 17 जनवरी से 22 जनवरी के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें : BIG BREAKING : हिमाचल के सरकाघाट में HRTC बस हाद*से का शिकार, 15 से 18 लोग थे सवार
इस दौरान मध्यम और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं, 20 और 22 जनवरी को निचले पहाड़ी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 19 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो सकता है, जिसका असर हिमाचल प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा। बीते दिनों उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम शुष्क रहा, हालांकि कई इलाकों में तेज और सर्द हवाएं चलीं। ताबो में 43 किलोमीटर प्रति घंटा, रिकांगपिओ में 41 किलोमीटर प्रति घंटा और कुफरी में 37 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं दर्ज की गईं।
यह भी पढ़ें : अपने विभाग से मतलब रखें विक्रमादित्य.. खड़गे से मिलने के बाद CM सुक्खू की PWD मंत्री को फटकार
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ताबो में दर्ज किया गया, जहां रात का तापमान माइनस 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, शिमला जिले का चौपाल दिन के समय सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद फिर अगले 2 से 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। वहीं, अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू के इस मंत्री ने भी विक्रमादित्य को दिखाया आईना, कहा- अधिकारियों से चलता है प्रदेश; दी ये नसीहत
लेकिन इसके बाद आगामी 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। बहरहाल, मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और संभावित बारिश-बर्फबारी को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करने वालों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।