#हिमाचल
February 3, 2026
हिमाचल: आधी रात को अचानक थानों में आ पहुंचे SP साहब, 9 पुलिस-होमगार्ड कमियों पर गिरी गाज
देर रात नाकाबंदी में ढील, SP ने खुद संभाली कमान
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में अनुशासन को लेकर सख्त माने जाने वाले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी सख्ती के तहत सोलन पुलिस विभाग में उस समय हड़कंप मच गया, जब SP सोलन गौरव सिंह ने रात करीब दो बजे अचानक पुलिस थानों के निरीक्षण पर पहुंचे और ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर चार पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के साथ होमगार्ड जवानों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
दरअसल, बीते कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि देर रात पुलिस नाकाबंदी में ढील दी जा रही है। आम तौर पर देखा जा रहा था कि रात करीब दो बजे तक तो पुलिसकर्मी अलर्ट रहते हैं, लेकिन उसके बाद नाकाबंदी हटा ली जाती है और सतर्कता कम हो जाती है। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए SP गौरव सिंह ने खुद हालात की सच्चाई जानने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ग्राहक का इंतजार कर रहे थे चरस तस्कर, किसी ने पुलिस को घुमा दिया फोन- पहुंचे जेल
बुधवार देर रात, करीब दो बजे के बाद SP बिना किसी पूर्व सूचना के निरीक्षण पर निकल पड़े। उन्होंने परवाणु, धर्मपुर और सोलन सदर थाना क्षेत्रों में अचानक दबिश दी। जब SP मौके पर पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर वह संतुष्ट नहीं हुए। जांच में सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान अपनी ड्यूटी ठीक से नहीं निभा रहे थे।
निरीक्षण के दौरान कुल पांच पुलिसकर्मी और चार होमगार्ड जवान ड्यूटी में लापरवाही करते हुए पाए गए। इस पर SP ने तुरंत कड़ा कदम उठाते हुए एक हेड कांस्टेबल, एक एचएचसी (HHC) और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। वहीं, एक अन्य हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अटल टनल के पास चार गाड़ियों पर आ गिरे तीन एवलांच, अंदर बैठे थे कई लोग
इसके अलावा चार होमगार्ड जवानों को उनकी बटालियन वापस भेजते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है। इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए SP गौरव सिंह ने कहा कि ड्यूटी में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि धर्मपुर और परवाणु जैसे थाना क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हैं, जहां सुरक्षा में जरा सी चूक भी बड़े हादसे या अपराध का कारण बन सकती है।
SP ने यह भी स्वीकार किया कि जानबूझकर निरीक्षण का समय रात दो बजे के बाद रखा गया था, ताकि यह देखा जा सके कि उस समय पुलिस व्यवस्था कितनी सतर्क रहती है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिसकर्मी रात के अंतिम पहर में लापरवाह हो जाते हैं, तो इसका सीधा असर आम लोगों की सुरक्षा पर पड़ता है।
यह भी पढ़ें : HRTC बस हा*दसा: अब तक चार लोगों की मौ*त, CM के घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब SP गौरव सिंह ने इस तरह की सख्त कार्रवाई की हो। करीब दो सप्ताह पहले भी ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) को निलंबित किया जा चुका है। इससे साफ है कि SP जिले में अनुशासन को लेकर बिल्कुल सख्त रवैया अपनाए हुए हैं।
बताया जाता है कि SP गौरव सिंह राज्य में एक तेज-तर्रार और कड़े फैसले लेने वाले IPS अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में भी उन्होंने लगातार सख्त कार्रवाई कर सराहनीय काम किया है।
इस ताजा कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि यह कदम पूरे जिले के पुलिसकर्मियों के लिए एक सख्त संदेश है कि अब ड्यूटी में लापरवाही करने वालों पर बिना किसी लिहाज के कार्रवाई होगी।