#खेल
December 16, 2025
IPL 2025 ऑक्शन में आज हिमाचल के 7 क्रिकेटरों पर लगेगी बोली, 30 लाख है बेस प्राइस
मयंक डागर पर रहेंगी खास निगाहें
शेयर करें:

शिमला। पूरे देश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को लेकर जबरदस्त उत्साह रहता है। इसी बीच अप्रैल में होने वाले IPL के मिनी ऑक्शन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। खास बात यह है कि इस बार के मिनी ऑक्शन में हिमाचल प्रदेश के सात होनहार खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जिन पर विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमें दांव लगा सकती हैं। सभी खिलाड़ियों का बेस प्राइस 30 लाख रुपये तय किया गया है।
बता दें कि यह मिनी ऑक्शन आज मंगलवार को दोपहर लगभग 2:30 बजे से अबू धाबी में शुरू होने वाला है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चुके ये खिलाड़ी IPL जैसे बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार हैं, जिससे हिमाचल प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं।
IPL की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी खिलाड़ियों की सूची के अनुसार, हिमाचल प्रदेश से जिन सात खिलाड़ियों को ऑक्शन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है, उनमें-
⦁ ऑलराउंडर मयंक डागर उम्र 29 साल
⦁ राइट आर्म फास्ट मीडियम गेंदबाज अर्पित गुलेरिया उम्र 28 साल
⦁ लेफ्ट हैंड बल्लेबाज पुखराज मान उम्र 24 साल
⦁ राइट आर्म फास्ट गेंदबाज दिवेश शर्मा उम्र 24साल
⦁ राइट आर्म फास्ट बॉलर रजत वर्मा उम्र 28 साल
⦁ ऑलराउंडर आर्यमान सिंह धालीवाल उम्र 23 साल
⦁ ऑलराउंडर मृदुल सरोच उम्र 22 साल शामिल हैं।
इन सभी खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में अपना प्रदर्शन से चयनकर्ताओं और IPL स्काउटस का ध्यान खींचा है। युवा खिलाड़ियों की यह टोली न सिर्फ हिमाचल प्रदेश, बल्कि उत्तर भारत के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए भी उम्मीद की एक नई किरण मानी जा रही है।
इन सात खिलाड़ियों में सबसे चर्चित नाम ऑलराउंडर मयंक डागर का है। मंयक डागर पहले ही IPL में अपने करियर की शुरुआत कर चुकें है साल 2022 में पंजाब किंग्स ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें अपनी टीम में शामिल किया गया था।, हालांकि उन्हें उस सीजन में डेब्यू का मौका नहीं मिल सका।
इसके बाद मयंक डागर ने घरेलू क्रिकेट में लगातार कड़ी मेहनत की और अपने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। साल 2023 में उन्होंने 20 लाख रुपये की बेस प्राइस के साथ एक बार फिर IPL ऑक्शन में अपना नाम दर्ज कराया। इस बार सनराइजर्स हैदराबाद ने उन पर भरोसा जताते हुए 1 करोड़ 80 लाख रुपये की बड़ी बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। इसके साथ ही मयंक डागर ने IPL में डेब्यू किया और हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
मयंक डागर के अलावा अन्य छह खिलाड़ी भी पहली बार आईपीएल का हिस्सा बनने की दहलीज पर खड़े हैं। तेज गेंदबाज अर्पित गुलेरिया और रजत वर्मा अपनी रफ्तार और स्विंग के लिए जाने जाते हैं, जबकि पुखराज मान एक आक्रामक लेफ्ट हैंड बल्लेबाज के रूप में पहचान बना चुके हैं। दिवेश शर्मा ने घरेलू टूर्नामेंट्स में निरंतर विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की है। वहीं, ऑलराउंडर आर्यमान सिंह धालीवाल और मृदुल सरोच अपनी बहुमुखी प्रतिभा के कारण किसी भी टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।
IPL मिनी ऑक्शन हिमाचल प्रदेश के क्रिकेट के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है। अगर इनमें से अधिक खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी टीमों में जगह मिलती है, तो इससे न सिर्फ खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि राज्य के युवा क्रिकेटरों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
अब देखना यह होगा कि आज होने वाले इस मिनी ऑक्शन में कौन-सा खिलाड़ी किस टीम की जर्सी पहनता है और हिमाचल प्रदेश के कितने सितारे IPL के सबसे बड़े मंच पर अपनी चमक बिखेरने का मौका हासिल कर पाते हैं।