#विविध
March 3, 2026
US-ईरान WAR : हिमाचल का जोड़ीदार भाई बहरीन में, पोस्ट कर सुनाया आंखों देखा हाल- परिवार को चिंता
बहरीन में नौकरी करते हैं कपिल नेगी
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की जोड़ीदार शादी के कारण चर्चा में आए कपिल नेगी बहरीन में हैं। खाड़ी देश बहरीन से एक वीडियो संदेश जारी कर कपिल ने अमेरिका–इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच एक वीडियो जारी की है।
कपिल ने अपनी इस वीडियो में आंखों देखा हाल सुनाया है। कपिल के बहरीन में होने से उनका परिवार बेहद चिंता में है। ऐसे में कपिल द्वारा जारी की गई वीडियो उनके परिवार और चाहने वालों के लिए राहत लेकर आई है।
इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव को लेकर फैली अफवाहों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं, नियमित रूप से अपनी ड्यूटी कर रहे हैं और किसी तरह की घबराहट की आवश्यकता नहीं है।
कपिल ने अपने वीडियो में बताया कि मौजूदा हालात में ईरान की ओर से हमले उन स्थानों पर किए जा रहे हैं, जहां अमेरिका के एयरबेस मौजूद हैं। अन्य जगहों को निशाना नहीं बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जो बातें चल रही हैं, वे अतिरंजित हैं और आम लोगों को डराने वाली हैं। “बिना पुष्टि के किसी भी सूचना पर विश्वास न करें,” उन्होंने लोगों से अपील की।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने टिप्पणी की थी कि ‘जोड़ीदार भाई’ अब विदेश में फंस गया। इस पर कपिल ने जवाब देते हुए कहा, “अगर ऐसी स्थिति आई भी तो मैं अकेला नहीं फंसूंगा, पूरी दुनिया इस संकट का हिस्सा होगी। फिलहाल ऐसी कोई बात नहीं है।” उनका कहना है कि बहरीन में रोजमर्रा की जिंदगी सामान्य है और होटल में उनकी शिफ्ट नियमित रूप से चल रही है।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह चर्चा थी कि सिरमौर का यह युवक युद्ध के कारण खाड़ी में फंस गया है। परिजनों और परिचितों तक भी ऐसी सूचनाएं पहुंचीं। हालांकि, कपिल ने स्वयं सामने आकर स्थिति स्पष्ट की और कहा कि वे सुरक्षित हैं तथा परिवार के संपर्क में हैं।
सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के दो सगे भाइयों प्रदीप और कपिल नेगी ने 11 जुलाई, 2025 को सुनीता चौहान से विवाह रचाया था। स्थानीय बोली में इसे ‘जोड़ीदार प्रथा’ कहा जाता है, जिसे सामाजिक रूप से बहुपति विवाह की परंपरा के रूप में जाना जाता है। इस विवाह ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा था।
इस क्षेत्र के बुजुर्गों के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में सदियों से चली आ रही यह परंपरा परिवार और जमीन की एकजुटता बनाए रखने के उद्देश्य से विकसित हुई थी। हालांकि आधुनिक दौर में ऐसी शादियां विरल हो गई हैं और अधिकतर बिना सार्वजनिक चर्चा के संपन्न होती रही हैं।
प्रदीप और कपिल की शादी खास इसलिए भी रही क्योंकि इसे खुले तौर पर बड़े आयोजन के रूप में किया गया। करीब चार हजार मेहमानों की मौजूदगी में तीन दिन तक चले समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। प्रदीप नेगी जल शक्ति विभाग में कार्यरत हैं, जबकि कपिल नेगी बहरीन के एक होटल में नौकरी करते हैं।
परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि विदेश में काम कर रहे युवाओं को लेकर इस तरह की अफवाहें अक्सर तेजी से फैलती हैं, जिससे अनावश्यक चिंता बढ़ती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी खबर को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।
सिरमौर के इस चर्चित परिवार ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि सोशल मीडिया के दौर में जिम्मेदारी से व्यवहार करना जरूरी है। फिलहाल, कपिल नेगी सुरक्षित हैं और बहरीन में अपनी नौकरी पर डटे हुए हैं।