#विविध

September 8, 2026

IGMC में गजब का मामला- 2 वर्षीय मासूम ने निगली हेयर क्लिप, डॉक्टरों ने बिना सर्जरी किए निकाली

अब बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है

शेयर करें:

5-cm-hair-clip-stomach-igmc-shimla-doctors-remove-it-with-endoscopy

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां खलीणी क्षेत्र में दो वर्षीय मासूम ने खेलते-खेलते करीब पांच सेंटीमीटर लंबी हेयर क्लिप निगल ली।

दो साल के बच्चे ने निगली हेयर क्लिप

हेयर क्लिप बच्चे के पेट में फंसने के बाद परिजन उसे उपचार के लिए तुरंत IGMC शिमला लेकर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञों ने बिना देरी किए बच्चे का उपचार शुरू किया और एंडोस्कोपी के जरिए सफलतापूर्वक हेयर क्लिप को बाहर निकाल लिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 36 घंटे से पांच वर्षीय आर्या लापता, खोज में जुटी NDRF और पुलिस टीम- हाथ खाली

जान के लिए खतरा...

जानकारी के अनुसार, इतनी कम उम्र के बच्चे द्वारा किसी बाहरी वस्तु को निगल लेना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। हेयर क्लिप का आकार और उसकी बनावट भी डॉक्टरों के लिए चुनौतीपूर्ण थी, क्योंकि उसे बाहर निकालते समय बच्चे की भोजन नली और पेट के अंदर किसी तरह की चोट लगने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पूरी सावधानी के साथ एंडोस्कोपिक प्रक्रिया अपनाने का फैसला लिया।

डॉक्टरों ने बिना सर्जरी के निकाली

IGMC के पीडियाट्रिक गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की डॉ. श्रुति शर्मा की देखरेख में मेडिकल ऑफिसर डॉ. कनिका और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने इस जटिल प्रक्रिया को अंजाम दिया। डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी तकनीक की मदद से बच्चे के पेट में फंसी हेयर क्लिप तक पहुंच बनाई और बेहद सावधानीपूर्वक उसे बाहर निकाल लिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के मुद्दे लेकर दिल्ली पहुंचे CM सुक्खू- आज 3 केंद्रीय मंत्रियों से करेंगे मुलाकात

15-20 मिनट में पेट से निकाली क्लिप

सबसे राहत की बात यह रही कि डॉक्टरों को बच्चे का कोई ऑपरेशन नहीं करना पड़ा। टीम ने करीब 15 से 20 मिनट के भीतर पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए हेयर क्लिप को पेट से निकाल दिया। प्रक्रिया के दौरान विशेष सावधानी बरती गई, ताकि क्लिप निकालते समय पेट या भोजन नली को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।

पूरी तरह स्वस्थ है बच्चा

प्रोसीजर पूरा होने के बाद बच्चे की हालत सामान्य पाई गई। एहतियात के तौर पर उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया और स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद अगले दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। समय पर उपचार मिलने से मासूम को किसी बड़ी सर्जरी से भी बचाया जा सका।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के लिए आज बड़ा दिन- पूरी तरह साक्षर हुआ प्रदेश, दिल्ली में शिक्षा मंत्री लेंगे सम्मान

जान को गंभीर खतरा

डॉक्टरों के अनुसार, छोटे बच्चों में सिक्के, पिन, खिलौनों के छोटे हिस्से, बैटरी या अन्य वस्तुएं निगलने के मामले सामने आते रहते हैं। मगर किसी लंबी या नुकीली वस्तु का पेट में फंस जाना गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है। ऐसी वस्तु अंदरूनी अंगों को नुकसान पहुंचाने के साथ कई तरह की जटिलताएं पैदा कर सकती है।

अभिभावकों से डॉक्टरों की अपील

विशेषज्ञों ने अभिभावकों से भी अपील की है कि छोटे बच्चों को हेयर क्लिप, पिन, सिक्के, छोटी बैटरियां और अन्य छोटी वस्तुओं से दूर रखें। बच्चे अक्सर खेलते समय ऐसी चीजों को मुंह में डाल लेते हैं, जो बाद में जानलेवा साबित हो सकती हैं। यदि बच्चा गलती से कोई बाहरी वस्तु निगल ले तो घरेलू उपाय करने के बजाय उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में निजी बस की ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली से जोरदार टक्कर, 50 यात्री थे सवार; मची चीख-पुकार

दो साल के मासूम को नया जीवन

IGMC के डॉक्टरों की तत्परता और आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक के चलते इस मामले में दो वर्षीय मासूम को बिना ऑपरेशन के सुरक्षित बचा लिया गया। समय पर अस्पताल पहुंचने और विशेषज्ञों द्वारा तुरंत सही उपचार शुरू करने से एक गंभीर स्थिति को टाला जा सका।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख