#लोकसभा चुनाव 2024

April 21, 2026

हिमाचल: 51 निकाय के बाद अब इस दिन होगा पंचायत चुनाव का ऐलान, उम्मीदवारों को मिलेंगे ये 115 चुनाव चिन्ह

3757 पंचायतों में चुनाव का एक सप्ताह में होगा ऐलान

शेयर करें:

Himachal Pradesh panchayat elections

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज मंगलवार को राज्य चुनाव आयोग ने 51 नगर निकायों के चुनावों की घोषणा कर दी है। स्टेट इलेक्शन कमिश्नर अनिल खाची ने  चार नगर निगम (सोलन, मंडी, धर्मशाला व पालमपुर) समेत 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों में चुनाव की घोषणा की।

 

अनिल खाची ने बताया कि सभी 51 निकायों में चुनाव 17 मई को सुबह होंगे। वहीं नगर पंचायत और नगर परिषदों में वोटिंग वाले दिन यानी 17 को ही रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। जबकि चार नगर परिषदों के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। चुनावी प्रक्रिया के तहत 29, 30 अप्रैल और 2 मई को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। जबकि 6 मई को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। 

एक सप्ताह में होगा पंचायत चुनाव का ऐलान

वहीं हिमाचल में 51 निकायों के चुनाव के बाद अब हिमाचल में 3757 पंचायतों में भी जल्द ही चुनावी बिगुल बजेगा। अनिल खाची ने बताया कि पंचायतीराज संस्थाओं की वोटर लिस्ट 27 अप्रैल को फाइनल होगी। जिसके चलते उससे एक या दो दिन के भीतर हिमाचल की पंचायतों के चुनाव की भी घोषणा कर दी जाएगी। यानी पंचायत चुनाव की घोषणा को अभी करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में चुनावी शंखनाद : आचार संहिता लागू, 17 मई को होगी वोटिंग- उसी दिन आएंगे नतीजे

 

बता दें कि हिमाचल में 3757 पंचायतें हैं लेकिन प्रदेश सरकार ने 196 नई पंचायतों का गठन किया था। जिससे इन पंचायतों की संख्या बढ़कर 3773 हो गई थी। लेकिन इन नई पंचायतों में से 16 के  पुनर्गठन और सीमांकन की प्रक्रिया को लेकर स्थानीय निवासियों ने हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट का रुख किया था। 

115 चुनाव चिन्ह तय

बता दें कि राज्य चुनाव आयोग ने चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न पदों के लिए चुनाव चिन्ह अधिसूचित कर दिए हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही उम्मीदवारों को यही चिन्ह आवंटित किए जाएंगे] जिनके आधार पर मतदाता अपने प्रतिनिधि का चयन करेंगे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : गहरी खाई में समाई पिकअप, एक की मौके पर मौ*त- 3 की हालत नाजुक

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं के तहत वार्ड सदस्य, उपप्रधान, प्रधान, बीडीसी सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के लिए कुल 115 चुनाव चिन्ह तय किए गए हैं। इसके अलावा यदि किसी क्षेत्र में उम्मीदवारों की संख्या अधिक होती है, तो 15 अतिरिक्त चुनाव चिन्ह भी अधिसूचित किए गए हैं। नगर निकाय चुनावों के लिए अलग से 20 चुनाव चिन्ह निर्धारित किए गए हैं।

बीडीसी सदस्य के लिए चुनाव चिन्ह

बीडीसी सदस्य पद के लिए जिन चुनाव चिन्हों पर मतदान होगा, उनमें सेब, चढ़ता सूरज, रेडियो, बल्ला, सीढ़ी, कार, कुर्सी, पतंग, वायुयान, छत का पंखा, नगाड़ा, मोमबत्ती, हॉकी और गेंद, शीशे का मर्तवान, ग्लोब, चम्मच, तरबूज, गुब्बारा, फावड़ा और माचिस बॉक्स शामिल हैं।

अतिरिक्त चुनाव चिन्ह

उम्मीदवारों की संख्या बढ़ने की स्थिति में आयोग ने चारपाई, पेन, छड़ी, फूलों की टोकरी, फावड़ा और बेलचा, दो तलवारें और ढाल, खिड़की, ऊन, स्लेट, डोली, ब्रीफकेस, लेडी पर्स, फ्रॉक, ब्रश और नल को अतिरिक्त चिन्ह के रूप में अधिसूचित किया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया, 33 वर्षीय शख्स की जंगल में इस हाल में मिली देह

वार्ड सदस्य के लिए चुनाव चिन्ह

वार्ड सदस्य पद के लिए आम, लेटर बॉक्स, सिलाई मशीन, मेज, ट्रैक्टर, प्रेशर कुकर, चांद, बिजली का बल्ब, गुड़िया, अलमारी, कैमरा, बेंच, दो तबले, नाचती गुड़िया, ठेला गाड़ी, सब्जी की टोकरी, सारंगी, श्याम पट्ट, फसल काटता किसान और मशाल चुनाव चिन्ह तय किए गए हैं।

उपप्रधान पद के लिए चिन्ह

उपप्रधान पद के उम्मीदवार टेलीविजन, तारा, बस, पिल्लर हीटर, गैस सिलेंडर, नाव, पुस्तक, हैट, शीशे का गिलास, बल्लेबाज, बांसुरी, केतली, दरवाजा, बिजली का खंभा, मक्की, कांटा, फ्राई पैन, कीबोर्ड, अनाज पिछोरता हुआ किसान और हेलमेट जैसे चिन्हों पर चुनाव लड़ेंगे।

प्रधान पद के लिए चुनाव चिन्ह

प्रधान पद के लिए हाथ की घड़ी, धनुष-बाण, गैस का चूल्हा, गाजर, जग, समुद्री जहाज, रेल इंजन, नारियल का पेड़, टेबल लैंप, ट्रक, पुल, कंघी, किला, गोंद की बोतल, हारमोनियम, दीवार घड़ी, रोड रोलर, ईंट, लिफाफा और अंगूर चिन्ह निर्धारित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : गहरी खाई में समाई पिकअप, एक की मौके पर मौ*त- 3 की हालत नाजुक

जिला परिषद सदस्य के लिए चिन्ह

जिला परिषद सदस्यों के लिए ताला-चाबी, मेज का पंखा, छाता, जीप, कप-प्लेट, फुटबॉल, ढोलक, हैंडपंप, नाशपाती, संदूक, सिपाही, अंगूठी, मोटरसाइकिल, सीटी, घंटी, कैंची, केला, पेंसिल, बाल्टी और हीरा चुनाव चिन्ह तय किए गए हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज लगेगी आचार सहिंता! पंचायती चुनाव का होगा आगाज, आयोग ने बुलाई प्रेस वार्ता

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, पंचायत चुनावों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब नामांकन के बाद इन चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा और इसके साथ ही प्रदेश में चुनावी सरगर्मियां और तेज हो जाएंगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख