#अपराध
June 7, 2025
हिमाचल: चिट्टे की बड़ी खेप के साथ दो युवक धरे, हरियाणा से लेकर आ रहे थे सप्लाई
कार में चोर रास्तों से होकर लाई जा रही थी चिट्टे की सप्लाई
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में आए दिन चिट्टा तस्कर पुलिस के हाथ लग रहे हैं। अधिकतर चिट्टा तस्कर पंजाब से नशा लेकर आते समय पुलिस की गिरफ्त में आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के ऊना जिला से सभी सामने आया है। यहां दो युवक नशे की एक बड़ी खेप को पंजाब से हिमाचल लेकर आ रहे थे। इसी बीच रास्ते में पुलिस ने नाके पर दोनों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला ऊना जिला के पुलिस थाना चिंतपूर्णी के तहत आते किन्नू से सामने आया है। यहां ऊना पुलिस की सीआईए टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात को नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान हरियाणा की ओर से एक बलेनो कार को नाके पर चेकिंग के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस को कार से 40 ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस ने चिट्टे को कब्जे में लेकर कार में सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 94 लाख का फ्रॉड: रिटायर अधिकारी को इस तरह लगाया चूना- आप भी जान लीजिये..
पुलिस के अनुसार उन्हें शुक्रवार देर रात विशेष सूचना मिली थी कि होशियारपुर से एक संदिग्ध बलेनो कार नशे की खेप लेकर भरवां.देहरा मार्ग होते हुए पालमपुर की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए किन्नू में नाका लगाया और आने.जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की। जैसे ही संदिग्ध कार मौके पर पहुंची, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखा गया एक पारदर्शी लिफाफा बरामद हुआ, जिसमें 40 ग्राम हेरोइन थी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कबीर ठाकुर निवासी ठाकुरद्वारा, पालमपुर जिला कांगड़ा वर्तमान में बल्लभगढ़ हरियाणा और आशीष कुमार निवासी बिंद्रावन, पालमपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ चिंतपूर्णी पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि जिलेभर में नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की मुस्तैदी और लोगों की सतर्कता से लगातार ऐसे मामलों का पर्दाफाश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें : संजौली कॉलेज विवाद: छात्रा बोली- अपने व्यवहार के लिए शर्मिंदा हूं, HC में मांगी बिना शर्त माफी
ऊना पुलिस ने साफ किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और आने वाले समय में ऐसे और भी कड़े कदम उठाए जाएंगे। जनता से भी अपील की गई है कि अगर उन्हें किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।