#अपराध
February 3, 2026
हिमाचल: नशे की गिरफ्त में बचपन! 25 वर्षीय सप्लायर से 17 और 18 साल के युवकों ने खरीदा चिट्टा
नशे के दलदल में धंसती युवा पीढ़ी बनी चिंता का विषय
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में नशे का जाल अब उस उम्र को भी अपनी चपेट में लेने लगा है, जब हाथों में किताबें और सपनों में भविष्य होना चाहिए। सोलन जिला से सामने आया ताजा मामला इस सच्चाई का जीता-जागता उदाहरण है, जहां महज 17 और 18 साल के दो युवक चिट्टे के साथ पकड़े गए। हैरानी की बात यह है कि इतनी कम उम्र में नशे की लत की शुरुआत चंडीगढ़ से जुड़े एक सप्लायर के जरिए हुई, जिसकी उम्र खुद सिर्फ 25 साल है।
पुलिस थाना परवाणु की टीम गश्त के दौरान हिमुडा ग्राउंड के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 7.34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पकड़े गए युवकों में एक की उम्र 18 साल है, जबकि दूसरा नाबालिग निकला, जिसकी उम्र करीब 17 वर्ष बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ग्राहक का इंतजार कर रहे थे चरस तस्कर, किसी ने पुलिस को घुमा दिया फोन- पहुंचे जेल
पुलिस ने मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नाबालिग से पूछताछ के बाद उसे उसके परिवारजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में पुलिस थाना परवाणु में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार युवक को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पूछताछ के दौरान युवकों ने बताया कि उन्होंने यह चिट्टा चंडीगढ़ के मनीमाजरा क्षेत्र से 14 हजार रुपये में खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बैकवर्ड लिंकेज पर काम करते हुए मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 25 वर्षीय शिवम, निवासी मनीमाजरा, चंडीगढ़ को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से भी करीब 7 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अटल टनल के पास चार गाड़ियों पर आ गिरे तीन एवलांच, अंदर बैठे थे कई लोग
यह मामला इस बात की गंभीर चेतावनी है कि नशे का कारोबार अब बेहद कम उम्र के युवाओं को अपना निशाना बना रहा है। 17 और 18 साल की उम्र में चिट्टे जैसी खतरनाक नशे की लत न केवल युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रही है, बल्कि समाज के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही है। स्कूल और कॉलेज की दहलीज पर खड़े युवा कब इस दलदल में धंस जाते हैं, उन्हें खुद भी इसका अंदाजा नहीं लग पाता।
यह भी पढ़ें : HRTC बस हा*दसा: अब तक चार लोगों की मौ*त, CM के घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
एसपी सोलन गौरव सिंह ने कहा कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। युवाओं को नशे से बचाना पुलिस की प्राथमिकता है और नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अभिभावकों और समाज से भी अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।