#अपराध
February 9, 2025
हिमाचल पुलिस ने गिरफ्तार की लुटेरी दुल्हन, बिचौलिया और मौसी भी सलाखों के पीछे
शादी के नाम पर युवक को लगाया लाखों रुपए का चूना
शेयर करें:
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी के चार दिन बाद फरार होने वाली लुटेरी दुल्हन को पुलिस के हत्थे चढ़ गई है। पुलिस टीम ने लुटेरी दुल्हन, दुल्हन की मौसी और बिचौलिए को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की शिकायत दूल्हे ने भोरंज थाने दर्ज करवाई थी। दूल्हे ने अपनी पत्नी पर गहने और पैसे लेकर फरार होने का आरोप लगाया था। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने महिला को जांच में शामिल होने के लिए थाने बुलाया था। पूछताछ के दौरान महिला कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाई। जिसके चलते पुलिस टीम ने उसे और उसके दोनों साथियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
विदित रहे कि, भोरंज थाने में बीती 6 फरवरी को भोरंज उपमंडल के रहने वाले जितेश शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई थी। जितेश शर्मा ने बताया कि वो भोरंज के साही गांव का रहने वाला है। बीती 13 दिसंबर को मंडी जिले के सरकाघाट के रहने वाले बलदेव शर्मा ने बिचौलिया बन उसकी शादी करवाई थी। शादी करवाने की एवज में बिचौलिए ने उससे एक लाख 50 हजार रुपए लिए थे।
बलदेव शर्मा बबीता नाम की लड़की को भोरंज कोर्ट में शादी करने के लिए ले आया था। मगर लड़की के पास कोई प्रमाण पत्र नहीं था। ठगों ने यकीन दिलवाया कि अभी वो प्रमाण पत्र लाना भूल गए हैं- जल्द ही सभी दस्तावेज उपलब्ध करवा देंगे। ऐसे में वकील ने शपथ पत्र के माध्यम से बबीता और जितेश की शादी करवा दी थी।
इसके बाद जितेश ने परिजनों के समक्ष पूरे विधि-विधान से अपने मूल गांव के मंदिर में भी शादी की। शादी के करीब चार दिन बाद युवती ने अपनी मां के बीमार होने का बहाना बनाया और यमुनानगर जगादरी चली गई। इस दौरान जितेश भी उसके साथ यमुनानगर गया।
जितेश ने बताया कि अस्पताल में बलदेव और एक महिला पहले से ही मौजूद थे। उन्होंने बताया कि बबीता की मां बहुत बीमार है और ICU में दाखिल है। ऐसे में डॉक्टर उनसे मिलने नहीं दे रहे हैं। इसी बीच बबीता ने जितेश को वापस घर भेज दिया और कहा कि वो मां के ठीक होते ही घर आ जाएगी।
जितेश वापस घर आया, लेकिन बाद में जब उसने बबीता को फोन किया तो बबीता ने उसके फोन का कोई जवाब नहीं दिया। जितेश ने बिचौलिए बलदेव को फोन किया तो वो भी टालमटोल करने लगा। ऐसे में जितेश को ठगी का शक हुआ।
जितेश ने बताया कि उसने बिचौलिए से पैसे लौटाने के लिए कहा, लेकिन वो पैसे वापस करने से मना कर रहा है। जबकि, बबीता भी घर से गहने और कुछ कैश लेकर कहीं गायब हो गई है। शातिरों ने योजना बना कर शादी के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की है।
मामले की पुष्टि करते हुए SP हमीरपुर भगत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने जांच में शामिल होने के लिए महिला को थाने बुलाया था। जहां उसे और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम द्वारा हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही तीनों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।