#अपराध
July 11, 2026
हिमाचल : पैसा, सिगरेट और प्रेमी के लिए भिड़ी दो सहेलियां, एक-दूसरे पर बरसाए लात-घूंसे
सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है दोनों लड़कियों की वीडियो
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में सोशल मीडिया पर शनिवार को दो युवतियों के बीच हुए कथित विवाद और मारपीट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया। लगभग 12 मिनट लंबे इस वीडियो को लेकर इंटरनेट पर तरह-तरह की चर्चाएं और प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
वायरल वीडियो में दो युवतियां किसी निजी विवाद को लेकर आपस में बहस करती नजर आती हैं। शुरुआत में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होती है, लेकिन देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है।
वीडियो में दोनों एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करती दिखाई देती हैं। विवाद के दौरान पैसों के लेन-देन, सिगरेट पीने और कथित प्रेम संबंधों को लेकर भी दोनों के बीच बहस होती सुनाई देती है।
वीडियो में घटनास्थल पर मौजूद कुछ अन्य लोग भी दिखाई देते हैं। इनमें एक युवक पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करता नजर आता है। वहीं, एक अन्य युवक के बारे में सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि वह किसी नशीले पदार्थ का सेवन कर रहा था।
हालांकि, इस संबंध में किसी भी सक्षम प्राधिकारी या पुलिस की ओर से अभी तक कोई पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर यह भी दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई देने वाली एक युवती जिला सिरमौर की रहने वाली है, जबकि दूसरी युवती हिमाचल प्रदेश के किसी अन्य क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। हालांकि, दोनों युवतियों की पहचान और उनके निवास स्थान को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की ओर से विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं दी जा रही हैं। कई लोगों ने सार्वजनिक स्थान पर इस तरह के व्यवहार की आलोचना की है, जबकि कुछ लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई है।
उधर, ASP जिला सोलन राजकुमार ने बताया कि इस मामले में अभी तक जिले के किसी भी पुलिस थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होती है या पुलिस के संज्ञान में ऐसे तथ्य आते हैं, जिन पर कार्रवाई बनती हो, तो नियमानुसार जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।