#हादसा
July 11, 2026
हिमाचल : 23 दिन की मासूम ने खोई मां, पति को घर के आंगन में पड़ी मिली पत्नी की देह
परिजन बोले- घर की बालकनी से गिरी 26 वर्षीय परीक्षा
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक बेहद दुखद हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। सैनधार क्षेत्र के एक गांव में घर की बालकनी से गिरने के कारण 26 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सबसे मार्मिक पहलू यह है कि महिला ने कुछ ही सप्ताह पहले एक बच्ची को जन्म दिया था, जो अब जन्म के महज 23 दिन बाद ही अपनी मां के स्नेह से वंचित हो गई।
यह हादसा सिरमौर जिले के सैनधार क्षेत्र की कमलाड पंचायत के कसेलग मासगा गांव में हुआ। मृतका की पहचान परीक्षा देवी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर वह अपने घर की बालकनी में थीं, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गईं। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के समय घर में मौजूद परिजनों ने चीख-पुकार सुनते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें संभाला और बिना समय गंवाए उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ददाहू पहुंचाया। चिकित्सकों ने महिला की हालत का परीक्षण किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
महिला की असामयिक मृत्यु से परिवार पूरी तरह सदमे में है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
बताया जा रहा है कि परीक्षा देवी ने करीब 23 दिन पहले ही एक बेटी को जन्म दिया था। मां की अचानक मौत से नवजात बच्ची के सिर से जन्म के कुछ ही दिनों बाद मां का साया उठ गया, जिसने इस हादसे को और भी अधिक दर्दनाक बना दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। परिवार और गांव के लोगों के लिए यह हादसा गहरे सदमे का कारण बना हुआ है, जबकि हर किसी की संवेदनाएं उस मासूम बच्ची और उसके परिजनों के साथ हैं, जिन पर अचानक यह दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।