#अपराध
August 2, 2025
हिमाचल :चाय को लेकर बाप-बेटे से हुई बहस, युवक ने बुलाए 4 गुंडे और फिर की धुनाई
नालागढ़ ट्रक यूनियन के पास की घटना, पांच हमलावर गाड़ी में आए थे
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में दोपहर के समय में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चाय की दुकान पर अचानक कुछ युवकों ने हमला कर दिया। घटना जिले के नालागढ़ की बताई जा रही है, जहां चाय का स्टॉल चला रहे दो लोगों पर नकाबपोश युवकों ने हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि नालागढ़ में ट्रक यूनियन के पास बाप-बेटे दोनों चाय का स्टॉल चलाते हैं। दोपहर के वक्त भी दोनों बाप-बेटे चाय स्टॉल पर ही अपना काम कर रहे थे कि अचानक चार से 5 युवकों ने आकर दोनों पर डंडे बरसाना शुरू कर दिए।
जानकारी के अनुसार ये हमलावर एक गाड़ी में आए थे। चाय स्टॉक के पास अपनी गाड़ी रोक इन्होंने दोनों पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया और हमला करके फरार हो गए।
इस हमले में दुकान मालिक भूपेंद्र और उनका बेटा यशवंत गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। चिकित्सकों के अनुसार चोटें गंभीर हैं लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।
घायल भूपेंद्र ने बताया कि वह स्नेड गांव का रहने वाला है और अपने बेटे के साथ रोजाना चाय-पकौड़े की दुकान चलाता है। बीते दिन उनकी एक युवक के साथ चाय को लेकर कहासुनी हो गई थी। उसी युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह हमला किया होगा, ऐसा भूपेंद्र का अनुमान है।
पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान होते ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।