#विविध
August 2, 2025
हिमाचल में पंचायत-निकाय चुनाव का बिगुल बजा- इस महीने होगी वोटिंग, जानें पूरा शेड्यूल
राज्य चुनाव आयोग ने शुरू की तैयारियां
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में पंचायत और नगर निकाय चुनाव होने जा रहे हैं, और इसके लिए राज्य चुनाव आयोग ने मतदाता सूचियों की तैयारी का कार्यक्रम जारी कर दिया है। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव की ओर से इसे लेकर आदेश भी ज़िला निर्वाचन अधिकारियों और उपायुक्तों को भेजे जा चुके हैं। इससे स्पष्ट हो गया है कि नवंबर-दिसंबर में प्रदेश की 3600 से अधिक पंचायतें और 73 नगर निकायों में चुनावी घमासान तय है।
विधानसभा चुनाव वाली वोटर लिस्ट का लिया जाएगा आधार
चुनाव आयोग पंचायत और निकाय चुनावों के लिए मतदाता सूची तैयार करने के लिए विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट को आधार बना रहा है। यानी पुराने डाटाबेस को अपडेट कर नई सूचियां तैयार होंगी, जिससे कार्य में पारदर्शिता बनी रहे।
14 अगस्त तक पूरी होनी है जिला स्तर की पोलिंग स्टेशन मैपिंग
निर्देशों के अनुसार, 14 अगस्त तक जिला स्तर पर और 22 अगस्त तक ब्लॉक स्तर पर पोलिंग स्टेशनों की मैपिंग पूरी करनी होगी। इसके साथ ही 8 सितंबर तक मतदाताओं की वेरिफिकेशन और 17 सितंबर तक पोलिंग बूथ की अंतिम मैपिंग करनी है।
ग्राम सभाओं में रखा जाएगा ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
20 से 26 सितंबर तक ग्राम सभा की बैठकों में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को सार्वजनिक किया जाएगा। यह वह चरण होगा जब स्थानीय निवासी आपत्तियां या सुझाव दर्ज करवा सकेंगे। इसके बाद 27 सितंबर तक पोलिंग स्टेशन की अंतिम मैपिंग पूरी कर ली जाएगी।ॉ
बाद में जारी होगा अंतिम संशोधन का कार्यक्रम
27 सितंबर के बाद चुनाव आयोग एक अलग कार्यक्रम जारी करेगा, जिसमें वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रदेश में पंचायत और निकाय चुनाव सिर्फ सत्ता की तस्वीर नहीं बदलते, बल्कि स्थानीय स्तर पर लोकतंत्र की सबसे बुनियादी परत को मजबूत करते हैं। इस बार भी लाखों मतदाता इन चुनावों के जरिए अपने गांव और शहर की कमान तय करेंगे।