#अपराध
June 9, 2026
संजौली केस : पीड़िता ने खोला राज- वीडियो बनाते थे सलीम और उबैज, पुलिस पर भी फूटा गुस्सा
लड़की ने मीडिया के सामने खुलकर अपनी बात को रखा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग के मामले ने अब बड़ा राजनीतिक और सामाजिक रूप ले लिया है। एक ओर पुलिस ने नाबालिग की शिकायत पर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।
वहीं दूसरी ओर दुकान में तोड़फोड़, मारपीट और दो युवकों को बाजार में घुमाने के मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए लोगों में हिंदू संघर्ष समिति से जुड़े पदाधिकारी और दो महिलाएं भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार एक नाबालिग लड़की ने महिला पुलिस थाना शिमला में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में उत्तर प्रदेश निवासी उबैद पर छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार इसके बाद कुछ लोग संजौली बाजार स्थित एक दर्जी की दुकान पर पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की गई, सीसीटीवी तारें तोड़ी गईं और दुकान में मौजूद दो युवकों के साथ मारपीट की गई। बाद में उन्हें बाजार में घुमाने के भी आरोप लगाए गए।
इस मामले में पुलिस ने पहले मदन ठाकुर और विजय शर्मा को गिरफ्तार किया। बाद में चार अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।
गिरफ्तारियों के विरोध में रविवार को बड़ी संख्या में लोग संजौली पुलिस थाना के बाहर एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तार लोगों को रिहा करने की मांग उठाई और पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। नाबालिग लड़की भी इस धरने में शामिल हुई थी। उसने मीडिया के सामने खुलकर अपनी बात को रखा और हिंदू संगठन का समर्थन किया।
लड़की ने बोला पुलिस को क्या पता है, मेरे साथ हुआ है गलता, मुझे पता है। उन्होंने मेरे साथ बदतमीजी की है। मैंने स्टेटमेंट नहीं दी कि इन्होंने मेरे साथ नहीं गलत नहीं किया तो पुलिसवालों ने उन्हें कैसे छोड़ दिया। जो भी लोग मेरे साथ समर्थन में थे- पुलिसवालों को उनको छोड़ना पड़ेगा। वरना मैं यहां थाने के बाहर से नहीं हटूंगी। ना मैं कुछ खाऊंगी ना पिऊंगी। अगर मुझे कुछ होता है तो उसके जिम्मेदार ये पुलिस वाले होंगे। अगर मुझे किसी ने पकड़ा या हाथ लगाया तो मैं सुसाइड करूंगी यहीं थाने के बाहर।
ASP शिमला मेहर पंवर ने कहा कि नाबालिग की शिकायत पर दर्ज मामले में मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान अदालत में दर्ज करवा दिए गए हैं और मामले की जांच कानून के अनुसार आगे बढ़ रही है। साथ ही मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में भी अलग से कार्रवाई की जा रही है।