#अपराध
June 8, 2026
हिमाचल: 6 माह की गर्भवती पत्नी को अंतिम फोन कर 30 वर्षीय चालक पति ने उठा लिया गलत कदम
घटना से एक रात पहले बीनू अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर बात कर रहा था
शेयर करें:

बिलासपुर/पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में एक दर्दनाक घटना ने हिमाचल के एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। यहाँ 30 वर्षीय ट्रक चालक ने कथित तौर पर ट्रक के भीतर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पहले ही उसकी अपनी छह माह की गर्भवती पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी।
जानकारी के अनुसार, चालक का शव जीरकपुर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रक के भीतर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान बिलासपुर जिले के बाड़नु गांव निवासी 30 वर्षीय बीनू के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक चालक था और माल ढुलाई के सिलसिले में अपने सहचालक के साथ हरियाणा पहुंचा हुआ था।
बताया जा रहा है कि ट्रक में सीमेंट की खेप पहुंचाने के बाद दोनों साथी आगे की लोडिंग का इंतजार कर रहे थे। सहचालक पंकज कुमार के मुताबिक, घटना से एक रात पहले बीनू अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। बातचीत के बाद दोनों सो गए। लेकिन अगली सुबह जब पंकज की नींद खुली तो उसने बीनू को ट्रक की पिछली बॉडी में रस्सी के सहारे लटका हुआ देखा।
यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत स्थानीय लोगों तथा पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि बीनू की दूसरी शादी हुई थी और उसकी पत्नी वर्तमान में छह महीने की गर्भवती है। पहली शादी से उसका एक बेटा भी है।
अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन अभी भी इस हादसे को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को कुछ पारिवारिक मतभेदों की जानकारी भी मिली है।
हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत के पीछे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची।
जांच टीम ने ट्रक और आसपास के क्षेत्र से कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कालका अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।