#अपराध
January 24, 2026
गणतंत्र दिवस से पहले CM सुक्खू के गृह जिला में हड़कंप, गोला-बा*रूद और नगदी सहित मां-बेटा अरेस्ट
गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा पर सवाल
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जहां एक ओर गणतंत्र दिवस के दिन राजधानी शिमला के रिज मैदान पर मानव बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। वहीं दूसरी ओर उनके अपने ही विधानसभा क्षेत्र नादौन में एक घर से पुलिस द्वारा गोला-बारूद बरामद कर हड़कंप मच गया है। जिसके चलते पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नादौन क्षेत्र के झलाण गांव में छापेमारी की। सूचना के पुख्ता होने पर योगेश कुमार और उसकी मां रीना देवी के रिहायशी मकान की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान सबसे गंभीर पहलू यह रहा कि घर से गोला-बारूद भी बरामद हुआ, जिसे लेकर पुलिस सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद सतर्क हो गई है। इसके अलावा पुलिस को 8.93 ग्राम चिट्टा और 0.48 ग्राम चरस बरामद हुई। साथ ही घर से 1 लाख 1 हजार 800 रुपये की नकदी भी मिली है। नशे के कारोबार में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन, फॉयल पेपर और नशा सेवन में प्रयुक्त अधजला 10 रुपये का नोट भी जब्त किया गया।
पुलिस थाना नादौन के एसएचओ निर्मल सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक लेन-देन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जाएगी,
ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की खेप कहां से लाई जा रही थी और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई हो रही थी। साथ ही, पुलिस इस बात की भी तह तक जाएगी कि बरामद नकदी का स्रोत क्या है और घर में गोला-बारूद रखने का मकसद क्या था।
गणतंत्र दिवस से ठीक पहले एक रिहायशी इलाके में नशीले पदार्थों के साथ गोला-बारूद मिलने की घटना ने स्थानीय लोगों और प्रशासन दोनों को चौंका दिया है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इसका कोई अन्य आपराधिक या सुरक्षा से जुड़ा पहलू तो नहीं है।
एसएचओ निर्मल सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को बिना डर पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस का मानना है कि जनता के सहयोग से ही समाज को खोखला कर रहे नशे के इस जाल को पूरी तरह खत्म किया जा सकता है।