#अपराध
October 13, 2026
हिमाचल में राधा और रुकमणी के बीच हुआ झगड़ा: 3 लोगों पर हथौड़े से किया वार, हालत गंभीर
राधा देवी के साथ हुआ था विवाद
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रामपुर के डकोलर में कहासुनी के बाद तीन लोगों पर हथौड़े से हमला कर दिया। हमले में एक महिला, उसका पति और बेटा गंभीर घायल हो गए है।
पुलिस को दी गई शिकायत में रुकमणी ने बताया कि 10 अक्टूबर को उसका राधा देवी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद उसी रात विनोद, राजू और एक अज्ञात व्यक्ति ने डकोलर में रुकमणी और उसके परिवार पर हमला कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने रुकमणी, उसके पति सीतांबर प्रसाद और बेटे अनिकेत कुमार पर हथौड़े से वार किए। इस हमले में तीनों घायल हो गए। घटना के बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।
घटना में घायल तीनों लोगों की मेडिकल जांच खनेरी अस्पताल में करवाई गई। अस्पताल से मिली अंतिम मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, सीतांबर प्रसाद को साधारण चोटें आई हैं। वहीं, अनिकेत कुमार के सिर के पिछले हिस्से की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया है। इससे साफ है कि हमले में उसे गंभीर चोट लगी है।
दूसरी ओर, रुकमणी की मेडिकल रिपोर्ट में माथे की हड्डी में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही उसके सिर में एपिड्यूरल हेमेटोमा (EDH) भी पाया गया है। यह ऐसी गंभीर स्थिति है, जिसमें सिर के अंदर खून जमा हो जाता है। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, रुकमणी को गंभीर और साधारण दोनों तरह की चोटें आई हैं, जबकि अनिकेत कुमार को गंभीर चोटें लगी हैं।
इस मामले में पुलिस थाना रामपुर में 12 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 23 मिनट पर FIR दर्ज की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस मामले में FIR नंबर 109/2026 है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 117(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत और घायलों की मेडिकल रिपोर्ट को मामले की जांच का आधार बनाया गया है।
पुलिस ने इस मामले में विनोद, राजू, राधा देवी और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान घटना के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत में सामने आए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।