#अपराध
September 18, 2025
हिमाल कांग्रेस MLA की फोटो लगाकर की ऐसी पोस्ट-मच गया बवाल, FIR दर्ज
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट का मामला
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक और मामला सामने आया है। इस बार आरोप चंबा या मंडी से नहीं, बल्कि राजधानी शिमला से जुड़ा है, जहाँ कांग्रेस विधायक संजय अवस्थी के खिलाफ एक भ्रामक पोस्ट वायरल की गई। विधायक की शिकायत के बाद शिमला पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह शिकायत स्वयं अर्की विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक संजय अवस्थी ने थाना सदर शिमला में दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करके एक पोस्ट डाली गई है। इस पोस्ट में उनके खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी गईं, जिससे न केवल उनकी व्यक्तिगत गोपनीयता का उल्लंघन हुआ, बल्कि उनकी साख और छवि को नुकसान पहुँचाने की कोशिश भी की गई।
शिकायत में जिस व्यक्ति का नाम आया है, वह है रणबीर सिंह नेगी। रणवीर पर आरोप है कि उसने फेसबुक पर विधायक की फोटो लगाकर जानबूझकर ऐसी बातें लिखीं, जिनसे जनता के बीच भ्रम और गलतफहमी फैले।
यह भी पढ़ें : सांसद कंगना आए तो - थप्पड मार देना.... कांग्रेस नेता के विवादित बयान पर गरमाई सियासत
विधायक अवस्थी का कहना है कि यह सब सोची-समझी रणनीति के तहत किया गया ताकि जनता में उनके प्रति नकारात्मक धारणा बने और उनकी राजनीतिक प्रतिष्ठा को धक्का लगे।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शिमला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 356(2), 352 और आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(E) के तहत मामला दर्ज किया। इन धाराओं में गोपनीयता का उल्लंघन, पहचान की गलत प्रस्तुति और इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से मानहानि जैसे अपराध शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : आपदा से घिरे हिमाचल को राम भरोसे छोड़- CM सुक्खू लंदन रवाना, पत्नी-बेटियों को भी ले गए साथ
थाना सदर शिमला के प्रभारी इंस्पेक्टर धर्म सैण नेगी इस मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि पोस्ट से जुड़ी सभी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी और हर तथ्य की बारीकी से पड़ताल की जाएगी।
यह मामला दिखाता है कि कैसे सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर राजनीतिक हस्तियों और आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस ने संकेत दिया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि किसी की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को आघात न पहुँचे और जनता को गुमराह करने वाली गतिविधियाँ रोकी जा सकें।