#अपराध

February 23, 2026

हिमाचल: शराब पिलाने के बहाने बुलाया युवक, फिर उतारा मौ*त के घाट; हाथ-पैर बंधे मिली देह

पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई गुत्थी, कसोल से धरे दोनों आरोपी

शेयर करें:

himachal shimla murder Case

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला जिला के रोहड़ू में एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। व्यक्ति का शव पब्बर नदी से सटे किलोचा नाले में मिला था। मृतक के हाथ पैर बंधे हुए थे और शरीर खून से लथपथ था। पुलिस ने अब इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने शराब की महफिल सजाने के बहाने से युवक को किलोचा नाले में बुलाया था और वहीं पर उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी।

20 और 21 साल के दो युवकों ने की थी हत्या

पुलिस ने इस मामले को महज 48 घंटे में सुलझा कर दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। बताया जा रहा है कि शराब की महफिल का झांसा देकर 20 और 21 साल के दो युवकों ने अपने ही साथी को सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला: नशा तस्करी में पकड़े सरकारी कर्मी बिना जांच के होंगे बर्खास्त

 

मामला चिड़गांव थाना क्षेत्र का है। 18 फरवरी 2026 को 112 हेल्पलाइन पर सूचना मिली कि बडियारा पुल के पास पब्बर नदी से सटे किलोचा नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। शव के हाथ.पैर कपड़े से बंधे थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस और डीएसपी रोहड़ू की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

दिन में भी साथ बैठ पी थी शराब

स्थानीय पूछताछ में मृतक की पहचान 36 वर्षीय राकेश प्रताप उर्फ सेती राम, मूल रूप से नेपाल निवासी, के रूप में हुई। वह क्षेत्र में बागवानी कार्य से जुड़ा था। जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले दो युवक मृतक के कमरे पर पहुंचे थे। दिन में साथ बैठकर शराब पी गई और शाम को दोबारा पार्टी के नाम पर उसे किलोचा नाले की ओर ले जाया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा प्रॉपर्टी घोटाला: मालिक बन दंपति ने बेच दिया किसी और का फ्लैट; ऐसे हुआ खुलासा

पहचान छिपाने को कुचल दिया था चेहरा

पुलिस के अनुसार मामूली कहासुनी के बाद दोनों युवकों ने तेजधार हथियार और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए चेहरे को भी क्षतिग्रस्त किया गया और मृतक का मोबाइल फोन साथ ले गए। पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों की लोकेशन कुल्लू जिले के कसोल और मणीकर्ण क्षेत्र में मिली।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: कार चालक की लापरवाही से गिरा बाइक सवार, सामने से आ रही बस ने कुचला- हुई मौ.त

कसोल से दबोचे आरोपी

जांच के बाद आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय ललित राणा उर्फ लक्ष्मण राणा और 21 वर्षीय साहबीर लुवर, दोनों जिला जजरकोट नेपाल निवासी के रूप में हुई। दोनों हाल ही में मजदूरी के लिए क्षेत्र में आए थे और वारदात के बाद से गायब थे। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रेहड़ी की आड़ में चला रहा था चिट्टे का धंधा, पुलिस ने बस अड्डे से दबोचा तस्कर 

 

एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने 22.23 फरवरी की मध्यरात्रि को कसोल में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अपने क्षेत्रों में रह रहे किरायेदारों और प्रवासी मजदूरों का सत्यापन नजदीकी थाने में अवश्य करवाएं। इससे अपराधों की रोकथाम में मदद मिल सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख