#अपराध
March 7, 2026
हिमाचल: 29 साल की महिला युवाओं को बेचती थी चिट्टा; घर में छिपा रखी थी बड़ी खेप
पुलिस ने घर में छापा मारकर गमले में छिपाया चिट्टा किया बरामद
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी का जाल लगातार फैलता जा रहा है और इसमें महिलाओं तथा युवतियों की बढ़ती भागीदारी अब गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। आए दिन प्रदेश के अलग.अलग हिस्सों से ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां महिलाएं भी नशे के कारोबार में लिप्त पाई जा रही हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला अब कांगड़ा जिला से सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है।
दरअसल, कांगड़ा जिला के इंदौरा उपमंडल के अंतर्गत डमटाल क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला को चिट्टे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव छन्नी में एक घर पर छापा मारकर करीब 12.76 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में एक 29 साल की महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार टीम इलाके में गश्त कर रही थी, तभी उन्हें पुख्ता सूचना मिली कि एक घर में नशे का सामान छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए एनडीपीएस अधिनियम के तहत वारंट हासिल किया और घर की तलाशी ली।
यह भी पढ़ें : BREAKING : हिमाचल में 10वीं की छात्रा ने सतलुज नदी में लगा दी छलांग, तेज बहाव में हुई लापता
तलाशी के दौरान पुलिस उस समय हैरान रह गई जब कमरे में रखे एक फूलदान के भीतर बड़ी चालाकी से छिपाकर रखी गई हैरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 12.76 ग्राम चिट्टा बरामद कर लिया और घर में मौजूद 29 वर्षीय महिला बबली पत्नी सुरिंदर उर्फ झांडी को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें : BREAKING हिमाचल: कैबिनेट में पंचायत चुनाव पर बड़ा फैसला, अंशकालिक जल वाहक होंगे नियमित
आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला अकेले इस धंधे में शामिल थी या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह भी सक्रिय है। इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नशा तस्करी में महिलाओं की बढ़ती संलिप्तता समाज के लिए कितनी चिंताजनक होती जा रही है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।