#अपराध
October 7, 2025
हिमाचल: पूरे शहर के युवाओं को चिट्टा बेचता था शख्स, पुलिस ने जाल बिछा कर बड़ी खेप के साथ धरा
एसपी की चेतावनी, पूरे गिरोह का करेंगे पर्दाफाश
शेयर करें:

नाहन। हिमाचल प्रदेश नशे के मकड़जाल में बुरी तरह से फंस चुका है। प्रदेश की युवा पीढ़ी स्कूली बच्चे नशे के इस दलदल में धंसते जा रहे हैं। हालांकि पुलिस नशे के खिलाफ एक विशेष अभियान भी चलाए हुए है और हर दिन नशा तस्कर पकड़े जा रहे हैं, बावजूद इसके नशा तस्करी के मामले खत्म नहीं हो रहे हैं। अब एक ऐसा ही मामला हिमाचल के सिरमौर जिला से सामने आया है। यहां पुलिस ने चिट्टे की बड़ी खेप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछा कर नाहन निवासी शिवांशु लोहिया को 26.14 ग्राम चिट्टे के साथ दबोच लिया है। आरोपी को पुलिस ने नाहन शहर में ही गिरफ्तार किया। अब पुलिस आरोपी की हिस्ट्री खंगालने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
यह भी पढ़ें : अब उसी लड़की से शादी करेंगे ऊना के SDM : 25 हजार की मुचलके पर मिली जमानत
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक काफी समय से शहर और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा बेचने का काम कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जाल बिछाया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 26.14 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। एसपी नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर नाहन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसपी नेगी ने कहा कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे की खेप कहां से लाता था और उसके नेटवर्क में कौन.कौन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सिरमौर पुलिस का लक्ष्य केवल छोटे तस्करों को पकड़ना नहीं, बल्कि पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सरगना तक पहुंचना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी नेगी ने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि सिरमौर की युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धंसने नहीं दिया जाएगा। पुलिस का अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक इस कारोबार की जड़ें उखाड़ नहीं दी जातीं।
नाहन सहित पूरे सिरमौर जिले में पिछले कुछ महीनों से चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों की बढ़ती तस्करी ने समाज के सामने एक गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। स्थानीय लोग भी अब इस बात को लेकर चिंता जताने लगे हैं कि नशे की लत धीरे.धीरे युवाओं के भविष्य को निगल रही है। पुलिस की हालिया कार्रवाई जहां कानून व्यवस्था के प्रति सख्त रुख को दर्शाती है, वहीं यह समाज के लिए एक चेतावनी की घंटी भी है कि यदि समय रहते नशे की रोकथाम पर सामूहिक प्रयास नहीं किए गए तो यह समस्या और भयावह रूप ले सकती है।