#अपराध

January 17, 2026

हिमाचल: पटवारी मा*रपीट मामले में सड़कों पर उतरे पटवारी-कानूनगो, सरकार को दी ये चेतावनी

बोले-यह आगाज है, आरोपियों पर कार्रवाई ना हुई तो होगा बड़ा आंदोलन

शेयर करें:

kullu patwari case

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला में निशानदेही करने गए पटवारी और कानूनगों के साथ हुई मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। यह मामला अब एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहा बल्कि पूरे राजस्व विभाग के लिए आक्रोश का कारण बन गया है। जमीन की निशानदेही के दौरान हुए इस हमले ने प्रशासनिक व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के विरोध में शनिवार को पटवारी और कानूनगो संघ ने हड़ताल का रास्ता अपनाया, जिससे जिलेभर में राजस्व से जुड़े कामकाज ठप हो गए। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

जमीन की निशानदेही के दौरान मारपीट

यह मामला कुल्लू जिला की राउगी पंचायत का है, जहां नायब तहसीलदार के आदेशों पर सरकारी भूमि की निशानदेही के लिए पटवारी और कानूनगो की टीम पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान पंचायत क्षेत्र के बीडीसी अध्यक्ष खेख राम ने सरकारी कार्य में हस्तक्षेप किया और पहले कानूनगो, फिर पटवारी पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा.तफरी मच गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: तेज रफ्तार ने छीन लिया एक और बेटा, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने तोड़ा दम 

पटवारी गंभीर रूप से घायल

हमले में पटवारी भोप सिंह को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तत्काल ढालपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल पटवारी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस घटना के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

हड़ताल से ठप पड़े राजस्व कार्य

मारपीट की घटना से नाराज पटवारी एवं कानूनगो संघ ने शनिवार को पूरे कुल्लू जिले में हड़ताल का ऐलान कर दिया। इसके चलते जमीन की निशानदेही, इंतकाल, रिकॉर्ड अपडेट और अन्य जरूरी राजस्व कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे। आम लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संघ ने साफ किया है कि यह हड़ताल सिर्फ चेतावनी है, यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इसे और तेज किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : खेत में गए बेटे को इस हाल में मिली मां, थम चुकी थी सांसें; पति से थी परेशान 

प्रशासन से मिले कर्मचारी, सौंपा ज्ञापन

घटना के विरोध में पटवारी एवं कानूनगो संघ का प्रतिनिधिमंडल ढालपुर में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से मिला। कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। संघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी युवराज नेगी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी सरकारी कर्मचारी पर हमला न केवल कानून व्यवस्था के लिए खतरा है, बल्कि प्रशासन की साख पर भी सवाल खड़े करता है।

पुलिस जांच में जुटी

एसपी कुल्लू मदनलाल कौशल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पटवारी का बयान अस्पताल में दर्ज किया गया। मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दो युवकों ने पीट दिया ड्यूटी पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल, वाहन को टक्कर मार भागे थे

सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना की निंदा उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी महासंघ ने भी की है। महासंघ के अध्यक्ष तापे राम ने कहा कि यदि सरकारी कर्मचारियों को इस तरह डराया जाएगा, तो जनता के कामकाज कैसे सुचारू रूप से हो पाएंगे। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने की हिम्मत न कर सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख