#अपराध
August 3, 2025
पोकलेन मशीन के नीचे दबा कर छीन ली युवक की सांसें, हिमाचल भाजपा नेता से जुड़े तार
पोकलेन मशीन के नीचे से मिली युवक की देह, तीन आरोपियों में दो हिमाचल निवासी
शेयर करें:

नूरपुर/पठानकोट। हिमाचल और पंजाब की सीमा पर बसे पठानकोट में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। युवक का शव पोकलेन मशीन के नीचे से बरामद हुआ है। हत्या के इस मामले में हिमाचल भाजपा के एक नेता का नाम भी जोड़ा जा रहा है। वहीं इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपियों में दो हिमाचल के डमटाल के रहने वाले हैं।
यह दिल को दहला देने वाली घटना पंजाब के पठानकोट जिले के हलका भोआ के गांव गज्जू जागीर से सामने आई है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। रावी दरिया किनारे स्थित एक अवैध माइनिंग साइट पर 26 वर्षीय युवक मनदीप सिंह की लाश पोकलेन मशीन के नीचे से बरामद हुई। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला हत्या का लग रहा है और इसमें अवैध खनन माफिया की गहरी साजिश सामने आ रही है। इस वारदात ने न सिर्फ पंजाब बल्कि हिमाचल प्रदेश की राजनीति में भी भूचाल ला दिया है, क्योंकि आरोप सीधे तौर पर हिमाचल के एक भाजपा नेता की तरफ इशारा कर रहे हैं। हालांकि अभी तक भाजपा नेता का नाम सामने नहीं आया है। लेकिन आने वाले समय में इस नेता की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
यह भी पढ़ें : 'हिमाचल के लिए लॉटरी अभिशाप' : धूमल-वीरभद्र दोनों ने लगाया था बैन, पूर्व CM ने बताई वजह
स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेता टीना चौधरी सहित कई राजनीतिक व सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि हिमाचल प्रदेश के एक प्रभावशाली भाजपा नेता की शह पर पंजाब-हिमाचल सीमा पर अवैध खनन का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। दावा किया जा रहा है कि ये खनन गतिविधियां बॉर्डर एरिया में वाइल्ड लाइफ सैंक्चुअरी से महज एक किलोमीटर की दूरी पर हो रही हैं और भारत-पाक सीमा के बेहद नजदीक हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं।
मृतक युवक मनदीप सिंह के चाचा बावा सिंह ने पुलिस को बताया कि मनदीप पिछले 4-5 महीनों से जागीर सिंह के रेत डंप पर रात की ड्यूटी कर रहा था। शनिवार रात वह रेत के डंप से कुछ दूरी पर स्थित एक पोकलेन मशीन की ओर गया था, जहां उसकी लाश अगली सुबह मशीन के नीचे से बरामद हुई। परिजनों का आरोप है कि जागीर सिंह उसका बेटा मनजिंदर सिंह उर्फ मनु, और मुंशी मुकेश कुमार मनदीप को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे और समय पर वेतन भी नहीं देते थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों जागीर सिंह निवासी रकवाल, थाना तारागढ़ पठानकोट के अलावा मनजिंदर सिंह उर्फ मनु और मुकेश कुमार निवासी माजरा, थाना डमटाल, हिमाचल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, तीनों आरोपी अभी भी फरार हैं। यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते पुलिस की कार्रवाई में देरी हो रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। कुछ माह पहले भी जागीर सिंह और उसके गुर्गों ने एक व्यक्ति रूप लाल पर जानलेवा हमला किया था। उस मामले में भी अब तक न्याय नहीं मिला है, जिससे लोगों में प्रशासन और माइनिंग विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है।
एसपी मनोज ठाकुर ने रविवार को कहा कि तीनों नामजद हमलावरों की तलाश की जा रही है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। अगर इस वारदात में हिमाचल प्रदेश के किसी नेता या अन्य प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि मृतक मनदीप सिंह का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।
यह भी पढ़ें : आपदा ने छीना रास्ता- सरकार ने फेरी नजरें, मलाणा के लोगों ने खुद पुल बनाने का लिया फैसला
गांव गज्जू जागीर समेत आसपास के इलाकों में लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार इस अवैध खनन और हत्या की घटना की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच नहीं करवाती, तो वे सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेंगे।