#अपराध
December 3, 2025
हिमाचल के युवाओं को नशा सप्लाई करता था विदेशी युवक, मिली इस साल की सबसे बड़ी खेप
नशे की बड़ी खेप के साथ विदेशी युवक धरा
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश की युवा पीढ़ी को बाहरी राज्यों के ही नहीं बल्कि दूसरे देशों के नशा तस्कर भी नशे के दलदल में धकेल रहे हैं। जिसका एक बड़ा मामला हिमाचल के कुल्लू जिला से सामने आया है। यहां पुलिस ने दूसरे देश के एक युवक को इस साल की अब तक की सबसे बड़ी नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी इस नशे की खेप को आगे सप्लाई करने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे उससे पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल आज बुधवार को कुल्लू जिला की मणिकर्ण घाटी में पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई। पुलिस ने एक विदेशी युवक को आठ किलो से भी अधिक चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी इस चरस की खेप को आगे सप्लाई करने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसके ठिकाने पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा इस विदेशी के पास से पकड़ी गई यह इस साल की अब तक की सबसे बड़ी खेप है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी मणिकर्ण संजीव वालिया ने बताया कि पुलिस की टीम ने छलाल गांव में एक टीन के शेड में छापा मारा। यहां एक नेपाली मूल का युवक रह रहा था। तलाशी लेने पर युवक के पास से पुलिस को 8 किलो 410 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आगामी जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की पहचान नेपाली मूल के करीब 23 वर्षीय हिमाली मगर के रूप में हुई है। पूछताछ में प्रारंभिक जानकारी सामने आई है कि बरामद चरस को तस्करी के लिए इकट्ठा किया जा रहा था और पकड़ी गई यह खेप बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। पुलिस अनुमान लगा रही है कि आरोपी लंबे समय से इस इलाके में नशे की सप्लाई चेन का हिस्सा रहा है।
मणिकर्ण और कुल्लू घाटी लंबे समय से चरस तस्करी के लिए संवेदनशील माने जाते हैं। पुलिस के अनुसार नेपाल सहित अन्य देशों के तस्कर यहां डेरा डालकर स्थानीय नेटवर्क तैयार कर रहे हैं और हिमाचल के युवाओं को नशे के दलदल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में छुपने की आसान जगहें और पर्यटक भीड़ इनके लिए आड़ बन रही हैं, जिससे नशे का कारोबार लगातार फैल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह न सिर्फ कानून.व्यवस्था बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है।
पुलिस अधीक्षक मदन लाल कश्यप ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। टीम उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस बड़े नेटवर्क में और कौन शामिल है। उन्होंने कहा कि बरामद खेप से साफ है कि तस्करों का उद्देश्य बड़े पैमाने पर सप्लाई करना था। पुलिस अब सप्लाई चेन के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है।
एसपी ने कड़े शब्दों में कहा कि चरस और हेरोइन जैसे जानलेवा नशीले पदार्थों का व्यापार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार छापेमारी और निगरानी बढ़ा रही है और विदेशी तस्करों पर विशेष नजर रखी जा रही है।