#अपराध

July 4, 2025

हिमाचल: 5 साल की शादी और मां को आखिर फोन कॉल, दामाद और देवर जाएंगे जेल!

विवाहिता ने मां को किया था अंतिम फोन, बताया था- पति देवर कर रहे मारपीट

शेयर करें:

Una Married Woman News

ऊना। मेरे दामाद और उसके भाई ने मिलकर मेरी बेटी को मार डाला है। यह दर्द भरा बयान उस मां ने दिया है, जिसकी बेटी की बीते रोज संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मामला ऊना जिला के मैहतपुर थाना क्षेत्र के तहत आते बडैहर गांव का है। यहां बीते रोज एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। लेकिन मृतका की मां ने इसे एक सुनियोजित तरीके से हत्या करार दिया है। मृतक महिला की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान ममता देवी (उम्र लगभग 28 वर्ष), पत्नी विंदर कुमार निवासी बडैहर के रूप में हुई है।

शादी के बाद से बदल गया था व्यवहार

पुलिस को दी गई शिकायत में मृतका की मां रजनी जो पंजाब के रोपड़ जिले की निवासी हैं ने बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2020 में बडैहर गांव के विंदर कुमार से हुई थी। प्रारंभिक दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन जब उनकी बेटी ने बच्ची को जन्म दिया, उसके बाद ससुराल वालों का व्यवहार एकदम से बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी को घरेलू कामों और खाने.पीने की बात को लेकर आए दिन ताने दिए जाते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : चाचा ने भतीजी के साथ की थी नीचता, 2 साल तक कोर्ट में बोलता रहा झूठ- अब मिली 25 साल की सजा

घटना से पहले की कॉल ने बढ़ाया संदेह

मृतका की मां के अनुसार 2 जुलाई की रात लगभग 10 बजे उनकी बेटी ने फोन पर बताया था कि उसका पति विंदर और देवर रवि शराब के नशे में उससे मारपीट कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसी बीच कॉल कट गया और फिर बेटी का फोन बंद हो गया। कुछ देर बाद दामाद विंदर का फोन आया और उसने बताया कि उनकी बेटी रसोई में गिर गई है और उसकी तबीयत बिगड़ गई है। थोड़ी ही देर में फिर से फोन आया और बताया गया कि डॉक्टर ने उसका चेकअप कर लिया है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला- सूबे के 103 सरकारी स्कूलों पर लगेगा परमानेंट ताला

विवादित बयानों से गहराया शक

मृतका की मां का कहना है कि जब वे परिजनों के साथ सुबह बडैहर पहुंचे तो विंदर ने दावा किया कि उनकी बेटी को साइलेंट हार्ट अटैक आया था। जिसके चलते उसकी मौत हो गई, लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पाया कि विवाहिता की मौत फंदे से लटकने के कारण हुई है। पति के अलग अलग बयानों को देखते हुए मृतका की मां की बेटी की हत्या की आशंका जताई है। मृतका की मां का कहना है कि उनके दामाद विंदर और देवर रवि ने ही उनकी बेटी को मौत के घाट उतारा है। महिला ने आरोपियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मलबे के सैलाब में बह गया था बिशन सिंह, रातभर पेड़ की टहनी पकड़कर बचाया खुद को

पंचायत में की थी शिकायत

मां ने यह भी बताया कि उनकी बेटी की प्रताड़ना को लेकर पहले भी पंचायत में शिकायत की गई थी, मगर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष लगातार बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था, जिसका अंत अब उसकी मौत के साथ हुआ है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के एक और गेस्ट हाउस में पड़ी रेड : अंदर चल रहा था गंदा खेल, 2 लड़कियां रेस्क्यू- महिला अरेस्ट

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शिकायत के आधार पर पति और देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : जल शक्ति विभाग के पंप हाउस में फटा गैस सिलेंडर, धमाके की गूंज से दहल उठा इलाका

न्याय की मांग

वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में किसी और बेटी के साथ ऐसा न हो। वहीं इस सारे प्रकरण में मृतका की एक मासूम बेटी के सिर से सदा के लिए मां का साया उठ गया है। वहीं अगर पिता दोषी पाया जाता है तो उसे भी भविष्य में सजा होने पर बेटी लगभग अनाथ हो जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख